निधन: पंचतत्व में विलीन हुए अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत

निधन: पंचतत्व में विलीन हुए अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को मुंबई में अपने घर पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आज सोमवार (15 जून) को मुंबई में ही विले पार्ले के पवन हंस शमशान घाट में सुशांत का अंतिम संस्कार किया गया। सुशांत को अलविदा कहने उनके पिता समेत परिवार के अन्य सदस्य सोमवार को ही पटना से मुंबई पहुंचे। इसके अलावा सुशांत सिंह राजपूत के अंतिम संस्कार में अभिनेत्री श्रद्धा कपूर सहित कई टीवी कलाकार भी अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचे। 

कूपर अस्पताल में अभिनेता के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया था। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि, सुशांत की मौत फांसी के चलते दम घुटने से हुई है। रिपोर्ट में किसी प्रकार के जहर या मौत का अन्य कोई कारण नहीं बताया गया है। हालांकि, सुशांत के शव का विसरा सुरक्षित रख लिया गया है, जिसकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी। वहीं बिहार के लोगों का कहना है कि, सुशांत आत्महत्या नहीं कर सकते उनकी हत्या की गई है। इसके लिए सीबीआई जांच की भी मांग की जा रही है।

सुशांत के पिता और भाई मुंबई के बांद्रा में स्थित फ्लैट में पहुंच गए हैं। वहीं उनकी दोस्त रिया चक्रवर्ती मुंबई के कूपर अस्पताल पहुंची हैं। कुछ देर में सुशांत का अंतिम संस्कार किया जाना है।

सुशांत के पिता और भाई पटना से मुंबई पहुंच गए हैं। 

सुशांत के घर पहुंची फॉरेंसिक टीम
फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम सुशांत सिंह राजपूत के घर पहुंच गई है। फॉरेंसिक टीम के तीन अधिकारी सुशांत के घर पहुंचे हैं, पुलिस पहले से ही वहां मौजूद है।

दोस्तों के बयान दर्ज करेगी पुलिस
सुशांत की प्रोविजनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट बांद्रा पुलिस स्टेशन में दी गई है। तीन डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम किया, जिसमें फंदे से दम घुटने को वजह बताया गया है। वहीं आत्महत्या मामले में मुंबई पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी है। सुशांत ने आखिरी बार दोस्त रिया चक्रवर्ती, महेश शेट्टी को फोन किया था। पुलिस अब इनके बयान दर्ज करेगी। इनके अलावा कुछ और दोस्तों के भी बयान दर्ज किए जाएंगे।

बहन ने कहा- डिप्रेशन का चल रहा था इलाज
पुलिस ने सुशांत की बहन से भी पूछताछ की है। उन्होंने बताया, भाई ने दवा लेना बंद कर द‍िया था। 4-5 दिन पहले ही भाई से बात हुई थी। उन्होंने बताया था, उनकी तबीयत ठीक नहीं है। वो सुशांत से मिलने उनके बांद्रा वाले फ्लैट पर भी गई थीं। उन्होंने खुलासा किया कि, सुशांत के डिप्रेशन के बारे में वो जानती थीं। हालांकि उन्हें ये नहीं पता था कि, सुशांत इतना बड़ा कदम उठा लेंगे।

पटना से रवाना हुए परिजन
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पिता और परिवार के अन्य सदस्य पटना स्थित आवास से निकल चुके हैं। थोड़ी देर में वह पटना एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना होंगे।

सुशांत सिंह राजपूत का पोस्टमॉर्टम कूपर अस्पताल मे खत्म हुआ। सुशांत के अंगों को एनालिसिस के लिए जे.जे. अस्पताल भेजा गया।

जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव ने सुशांत सिंह राजपूत के मौत की सीबीआई जांच की मांग की है।

सुशांत मूल रूप से बिहार के थे। रविवार को पटना में उनके घर के बाहर लोगों को जमावड़ा दिखा। पहले खबर थी कि उनका अंतिम संस्कार पटना में होगा, लेकिन अब मुंबई में ही तय किया गया है। उनके पिता और कुछ अन्य करीबी मुंबई पहुंच चुके हैं।

सुशांत सिंह राजपूत को रविवार को उनके घर में एक नौकर ने फांसी पर लटका देखा था, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचित किया। यह पता चला है कि सुशांत ने अपने जीवन को समाप्त करने से पहले रविवार सुबह लगभग 10 बजे एक ग्लास जूस भी पिया था। इसके बाद उन्होंने अपने आपको बेडरूम में बंद कर लिया।

जब उनके नौकर ने दरवाजे पर बार-बार दस्तक दी और सुशांत ने कोई जवाब नहीं दिया। तब उसने पड़ोसियों को भी बुलाया। कुछ देर बाद पुलिस पहुंची और लगभग 12.30 बजे फ्लैट में उनका शव लटकते हुए पाया गया। पुलिस को घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मुंबई पुलिस ने कहा, सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या की है, फिलहाल जांच आगे की जांच जारी है।

सुशांत सिंह राजपूत पिछले कुछ महीनों से कथित तौर पर डिप्रेशन से जूझ रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। पिछले कुछ महीनों के उनके सोशल मीडिया पोस्ट से पता चलता है कि उन्होंने अपने तनाव पर काबू पाने के लिए योग और ध्यान लगाने की भी कोशिश की थी।

Created On :   15 Jun 2020 2:38 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story