न्यू हैंडसेट: Oppo K14 Lite भारत में Unisoc T7250 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर और 7,000mAh बैटरी के साथ लॉन्च, जानिए कीमत और स्पेसिफिकेशन्स

Oppo K14 Lite भारत में Unisoc T7250 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर और 7,000mAh बैटरी के साथ लॉन्च, जानिए कीमत और स्पेसिफिकेशन्स
इस फोन में 7,000mAh की बैटरी है, जिसके बारे में दावा किया गया है कि यह एक बार चार्ज करने पर 55.55 घंटे तक का कॉलिंग टाइम देती है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन की प्रमुख स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Oppo ने भारत में अपना नया हैंडसेट K14 Lite लॉन्च कर दिया है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट वाला 6.75-इंच का डिस्प्ले और Unisoc T7250 चिपसेट है। पावर बैकअप के लिए इसमें 7,000mAh की बैटरी है, जिसके बारे में दावा किया गया है कि यह एक बार चार्ज करने पर 55.55 घंटे तक का कॉलिंग टाइम देती है। नए फोन में धूल और पानी से बचाव के लिए IP64-रेटेड बिल्ड है। यह नया स्मार्टफोन दो कलर ऑप्शन में आता है। आइए जानते हैं इसकी कीमत और स्पेसिफिकेशन...

Oppo K14 Lite की भारत में कीमत और उपलब्धता

भारत में Oppo K14 Lite को 16,999 रुपए की शुरुआती कीमत में लॉन्च किया गया है। इसमें 4GB रैम+ 64GB स्टोरेज मिलती है। यह फेदर पर्पल और स्टोन ब्राउन कलर में उपलब्ध है। Oppo ने कन्फर्म किया है कि इसे Oppo ई-स्टोर और Flipkart से खरीदा जा सकता है। लॉन्च ऑफर के तौर पर, चुनिंदा बैंक ऑफर्स के साथ खरीदार 1,000 रुपए का इंस्टेंट डिस्काउंट पा सकते हैं, जिससे इसकी प्रभावी कीमत 15,999 रुपए हो जाएगी।

Oppo K14 Lite के स्पेसिफिकेशन्स

इस स्मार्टफोन में 120Hz रिफ्रेश रेट वाला 6.75-इंच HD+ (720 x 1,570 पिक्सल) डिस्प्ले है। डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 900 निट्स तक बताई गई है। Oppo का कहना है कि पैनल में स्प्लैश टच, ऑयली-हैंड टच और ग्लव टच जैसे फीचर्स हैं, जिससे यूजर्स गीली या तेल वाली उंगलियों से या ग्लव्स पहनकर भी टचस्क्रीन का इस्तेमाल कर सकते हैं।

कैमरे की बात करें तो, Oppo K14 Lite में ऑटोफोकस के साथ 13-मेगापिक्सल का रियर कैमरा दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए इसमें 5-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। कैमरा सेटअप पोर्ट्रेट, नाइट और टाइम-लैप्स मोड को सपोर्ट करता है। फोन में AI-बेस्ड फीचर्स जैसे AI इरेजर, AI क्लियर फेस और AI स्मार्ट इमेज मैटिंग 2.0 भी शामिल हैं। यह Google Gemini और Google के AI असिस्टेंट को भी सपोर्ट करता है।

Oppo K14 Lite Android 16 पर आधारित ColorOS 16 पर चलता है। इसमें Unisoc T7250 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर लगा है। इसमें 4GB LPDDR4X RAM और 64GB UFS 2.2 स्टोरेज है। इसमें 13,700 वर्ग मिलीमीटर तक का थर्मल ग्रेफाइट कूलिंग एरिया है। Oppo K14 Lite को धूल और पानी के छींटों से बचाव के लिए IP64 रेटिंग मिली है।

इसमें 7,000mAh की बैटरी है, और दावा किया जाता है कि 1,800 चार्जिंग साइकल के बाद भी बैटरी अपनी ओरिजिनल क्षमता का 80 प्रतिशत से ज्यादा बनाए रखती है। कंपनी का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर यह 26.84 घंटे तक YouTube प्लेबैक, 13.19 घंटे तक PUBG Mobile गेमिंग और 55.55 घंटे तक कॉलिंग टाइम देता है। यह फोन 15W चार्जिंग और रिवर्स वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करता है।

Created On :   16 Sept 2026 3:09 PM IST

Tags

Next Story