PAK Food Packet Expiry Date Controversy: दुनिया के सामने फिर हुई पाकिस्तान की फजीहत, श्रीलंका के बाढ़ पीड़ितों को भेजी एक्सपायर्ड राहत सामग्री

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अपनी हरकतों की वजह से पाकिस्तान एक बार फिर पूरी दुनिया के सामने हंसी का पात्र बन गया है। दरअसल, उसने श्रीलंका में आए चक्रवाती तूफान दितवाह से प्रभावित लोगों के लिए जो राहत सामग्री भेजी थी वो एक्सपायर्ड थी। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिसमें एक्सपायरी डेट अक्टूबर 2024 थी।
पाकिस्तान के हाई कमीशन द्वारा एक्स पर श्रीलंका को भेजी गई राहत सामग्री से संबंधित एक पोस्ट किया गया था। इसमें रसद (पानी, दूध पाउडर और आटे समेत अन्य कई पैकेट थे) की फोटो भी थी। जिसमें पैकेट पर लिखी डेट भी साफ लिखी दिखाई दे रही है। वायरल हो रही इस फोटो पर दुनिया भर के यूजर्स कमेंट कर पाकिस्तान की आलोचना कर रहे हैं।
हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब पाकिस्तान की अपनी राहत सामग्री को लेकर दुनिया भर में किरकिरी हुई हो। इससे पहले साल 2022 में भूकंप से बुरी तरह प्रभावित हुए तुर्किए को भी उसी का रिलीफ मटेरियल रिटर्न कर दिया था। दरअसल, एक साल पहले यानी 2021 में पाकिस्तान में भीषण बाढ़ आई थी, जिसमें तुर्किए ने पाकिस्तान को मदद भेजी थी।
पाकिस्तान की इस हरकत की तुर्किए की ओर से कड़ी आलोचना भी की गई थी। बता दें कि तुर्किए में आए उस विनाशकारी भूकंप में हजारों लोगों की मौत हो गई थी। तब भारत ने भी मदद के रूप में तुर्किए में बड़ी मात्रा में राहत सामग्री भेजी थी।
दितवाह ने ली 390 की जान
चक्रवाती तूफान दितवाह ने श्रीलंका में भारी तबाही मचाई हुई है। भारी बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 390 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 370 लापता हैं। इस प्राकृतिक आपदा में देश के 11 लाख प्रभावित हैं। करीब दो लाख लोग तो अपने घर छोड़ शेल्टर होम में रह रहे हैं। यह बीते 20 सालों में हिंद महासागर में आया सबसे खतरनाक तूफान बताया जा रहा है।
Created On :   2 Dec 2025 6:34 PM IST












