Russia-Ukraine War: यूक्रेन पर रूस का सबसे बड़ा हमला, राजधानी कीव पर दागी हाइपरसोनिक मिसाइल 'ओरेश्निक'

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। चार साल से चल रही रूस और यूक्रेन की जंग में खौफनाक मोड़ आ गया है। रविवार को रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर भीषण मिसाइल अटैक किया है। इसके लिए रूसी सेना ने अपनी सबसे विनाशकारी हाइपरसोनिक मिसाइल 'ओरेश्निक' का इस्तेमाल किया है। जब से इस युद्ध की शुरुआत हुई तब से लेकर अभी तक यह तीसरी बार है जब पुतिन ने इस हाइपरसोनिक मिसाइल से कीव को निशाना बनाया है।
पहुंचा भारी नुकसान
रूस के इस हमले से राजधानी के कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचा है, शहर के डर के माहौल में रह रहे हैं। रविवार रात से ही शहर में रेड सायरन बजते रहे। कई इलाकों में जोरदार धमाके सुनाई दिए। अटैक सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और रिहायशी इलाकों की इमारतों के पास हुए। वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हाइपरसोनिक मिसाइल कीव इलाके में आने वाले बिला त्सेरकवा शहर में गिरी है। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, हमले में दो नागरिकों की मौत हुई है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूसी हमले पर कहा कि यह अब तक तीसरी बार है जब रूस ने इस विनाशकारी मिसाइल से अटैक किया है। इससे पहले उसने 2024 में निप्रो शहर और फिर 2026 में पश्चिमी लवीव को निशाना बनाया था। बता दें कि ओरेश्निक मिसाइल बहुत पॉवरफुल है, यह आवाज की स्पीड से 10 गुना ज्यादा तेज उड़ सकती है। वहीं, इसमें जमीन के नीचे बने बंकरों को भी तबाह करने की क्षमता है।
Created On :   24 May 2026 7:45 PM IST












