Overthinking: दिमाग में चलते रहते हैं हजारों सवाल? इन 4 तरीकों से रोकें बेवजह की सोच

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कभी किसी की बात बुरी लग जाती है तो कभी पुरानी गलती याद आने लगती है। कई बार ऐसा भी होता है कि कोई छोटी सी बात पूरे दिन मन में घूमती रहती है। हम सोचते रहते हैं कि ऐसा क्यों हुआ, अब क्या होगा और लोग हमारे बारे में क्या सोचेंगे। इससे मन थक जाता है और नींद भी ठीक से नहीं आती। ज्यादा सोचने की इस आदत को कम करना आसान नहीं होता लेकिन कुछ छोटी बातों का ध्यान रखकर इसे बदला जा सकता है। सबसे पहले खुद को समझना जरूरी है। इसके बाद धीरे-धीरे अपनी सोच को संभालना सीख सकते हैं।
जो हुआ उसे बार-बार याद न करें
पुरानी बातों को बार-बार याद करने से मन और परेशान होता है। अगर किसी ने कुछ गलत कह दिया तो उसे पूरे दिन सोचते रहना जरूरी नहीं है। खुद से कहें कि जो हो गया उसे बदला नहीं जा सकता। अब आगे क्या करना है इस पर ध्यान दें। इससे मन को हल्का रखने में मदद मिलेगी।
मन में चल रही बात को लिख लें
जब एक ही बात बार-बार दिमाग में आए तो उसे एक कागज पर लिख लें। इससे आपको समझ आएगा कि आखिर किस बात की चिंता हो रही है। फिर खुद से पूछें कि क्या इस बात को अभी ठीक किया जा सकता है? अगर हां, तो छोटा सा कदम उठाएं। अगर नहीं, तो उसे छोड़ने की कोशिश करें।
खाली बैठकर चिंता न बढ़ाएं
कई बार खाली बैठने पर मन में एक के बाद एक बातें आने लगती हैं। ऐसे में खुद को किसी अच्छे काम में लगाएं। थोड़ी देर टहल लें, अपना पसंदीदा गाना सुनें या घर का कोई छोटा काम कर लें। किसी अपने से बात करना भी अच्छा तरीका हो सकता है। इससे ध्यान कुछ समय के लिए दूसरी तरफ जाएगा।
हर बात का जवाब ढूंढना जरूरी नहीं
हम अक्सर हर बात का कारण जानना चाहते हैं। कोई हमसे ठीक से बात क्यों नहीं कर रहा किसी ने ऐसा क्यों कहा या आगे क्या होगा। लेकिन हर सवाल का जवाब मिलना जरूरी नहीं है। कुछ बातों को बिना जवाब के छोड़ना भी सीखें। अपनी तरफ से सही काम करें और बाकी बातों को समय पर छोड़ दें।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :  


