Breaking News: आज की बड़ी खबरें 07 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 7 Oct 2025 10:45 AM IST
उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने वाल्मीकि जयंती पर दिया बयान
उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने वाल्मीकि जयंती पर कहा, "उन्होंने महाकाव्य रामायण की रचना कर पूरे विश्व को सनातन संस्कृति का संदेश दिया है। महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर प्रदेश में राजपत्रित अवकाश घोषित किया गया है। उनके सभी मंदिरों एवं पूजा स्थलों में अखण्ड रामायण पाठ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।" उन्होंने आगे कहा, "बिहार में पूरी तैयारी है, वहां का परिणाम 'मोदीमय' होगा। NDA की सरकार बनेगी, NDA को जनता का समर्थन मिलेगा।"
- 7 Oct 2025 10:32 AM IST
केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने बिहार चुनाव को लेकर दी प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा, "बिहार की जनता चुनाव की तारीख तय होने का इंतज़ार कर रही थी, बिहार की जनता NDA गठबंधन के नेताओं, खासकर नीतीश कुमार के कामों को देखते हुए उन्हें फिर से सत्ता में लाने के लिए तैयार है। इस बार 14 लाख नए मतदाता भी अपने वोट का इंतज़ार कर रहे हैं। वे (तेजस्वी यादव) बौखलाहट में बोल रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता एकतरफा नीतीश कुमार के साथ है।"
- 7 Oct 2025 10:21 AM IST
भारत-कतर के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2030 तक 28 अरब डॉलर के आंकड़े को कर सकता है पार पीयूष गोयल
भारत और कतर इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, फार्मा, प्रोसेस्ड फूड, टेक्सटाइल, जेम और ज्वेलरी, आईटी और हाई-टेक इंडस्ट्रीज पर फोकस करके अपने द्विपक्षीय व्यापार को वर्तमान 14 अरब डॉलर से दोगुना करके 2030 तक 28 अरब डॉलर कर सकते हैं। यह बयान वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की ओर से दिया गया।
- 7 Oct 2025 9:50 AM IST
महर्षि वाल्मीकि के आदर्श विचारों का हमारे समाज और परिवार पर गहरा प्रभाव रहा है- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सभी देशवासियों को महर्षि वाल्मीकि जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं। प्राचीनकाल से ही हमारे समाज और परिवार पर उनके सात्विक और आदर्श विचारों का गहरा प्रभाव रहा है। सामाजिक समरसता पर आधारित उनके वैचारिक प्रकाशपुंज देशवासियों को सदैव आलोकित करते रहेंगे।“
- 7 Oct 2025 9:49 AM IST
भारत के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम की घोषणा
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने भारत के विरुद्ध वनडे सीरीज के तीनों मुकाबलों और टी20 सीरीज के शुरुआती दो मैचों के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। दोनों ही फॉर्मेट में मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभालेंगे। वहीं, चोट से उबर रहे पैट कमिंस को आराम देने का फैसला लिया गया है।
- 7 Oct 2025 9:35 AM IST
ओडिशा के ब्रह्मपुर में वरिष्ठ वकील और भाजपा नेता पिताबास पांडा की गोली मारकर हत्या
ओडिशा के गंजम जिले के ब्रह्मपुर में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। वरिष्ठ वकील और ओडिशा राज्य बार काउंसिल के सदस्य पिताबास पांडा की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पांडा भाजपा के प्रमुख नेता भी थे और स्थानीय स्तर पर सक्रियता के कारण वे काफी चर्चित थे।
- 7 Oct 2025 9:21 AM IST
‘छह और ग्यारह, एनडीए नौ दो ग्यारह’ बिहार चुनाव की घोषणा के बाद लालू प्रसाद यादव ने कसा तंज
पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बिहार सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में डबल इंजन सरकार की विदाई तय है।
- 7 Oct 2025 8:56 AM IST
ओडिशा सरकार ने कटक में इंटरनेट पर प्रतिबंध को 7 अक्टूबर तक बढ़ाया
ओडिशा सरकार ने सोमवार को कटक शहर में इंटरनेट सेवाओं के निलंबन को 7 अक्टूबर शाम 7 बजे तक बढ़ा दिया। सरकार ने शहर में असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाह फैलाने और शांति भंग करने के लिए सोशल नेटवर्किंग साइटों और इंस्टेंट मैसेजिंग सेवाओं के संभावित दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त की है।
- 7 Oct 2025 8:52 AM IST
महिला विश्व कप न्यूजीलैंड के खिलाफ ब्रित्स-लुस की जोड़ी का वनडे इतिहास में बड़ा कारनामा
साउथ अफ्रीका की ओर से महिला विश्व कप 2025 के सातवें मुकाबले में ताजमिन ब्रित्स और सुने लुस के बीच दूसरे विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी हुई। यह साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की महिला टीमों के बीच वनडे इतिहास में किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही।
- 7 Oct 2025 8:51 AM IST
गवर्नमेंट शटडाउन जारी रहने के बीच ट्रंप डेमोक्रेट्स के साथ बातचीत के लिए तैयार
अमेरिका में गवर्नमेंट शटडाउन हुए अब छह दिन हो चुके हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि वे डेमोक्रेट्स के साथ बातचीत करने को तैयार हैं। ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर एक और पोस्ट में कहा कि डेमोक्रेट्स ने अमेरिका की सरकार को बंद कर दिया है। यह तब हुआ जब देश की अर्थव्यवस्था बहुत मजबूत थी और शेयर बाजार रिकॉर्ड स्तर पर था। इस बंद के कारण, कई सरकारी कार्यक्रम, सेवाएं और समाज के अन्य पहलू प्रभावित हुए हैं जिन पर अमेरिकी निर्भर हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए था।
Created On :   7 Oct 2025 8:00 AM IST












