दीपथून पर जला दीपम: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर 30 किलो घी 5 किलो कपूर और 50 मीटर सूती बाती से जगमग हुई पहाड़ी

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर 30 किलो घी 5 किलो कपूर और 50 मीटर सूती बाती से जगमग हुई  पहाड़ी
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून स्तंभ में कार्तिगई दीपम जलाया गया। मंदिर और दरगाह के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच हजारों श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। कोर्ट ने दीप प्रज्वलन के लिए मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी रिसीवरों को सौंपी थी।

डिजिटल डेस्क, मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को दीपथून पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाया गया। दीप प्रज्वलित होते ही वहां मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पटाखे फोड़कर खुशी मनाई। कई श्रद्धालु भावुक भी हो गए। इस पारंपरिक दीप को जलाने के लिए 30 किलो घी, 50 मीटर लंबी सूती बाती और पांच किलो कपूर का इस्तेमाल किया गया।

27 नवंबर को कोर्ट ने 28 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया। साथ ही मंदिर ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर प्रशासन संभालने के लिए हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को रिसीवर नियुक्त किया। सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंपी गई। इसके बाद शनिवार को दीप प्रज्वलन की रस्म पूरी हुई।

यह विवाद करीब एक सदी पुराना है। वर्ष 1920 में मुकदमा दायर हुआ था और 1923 में अदालत ने पहाड़ी के अधिकतर हिस्से को मंदिर की संपत्ति माना था, जबकि दरगाह के आसपास के कुछ हिस्सों को मुस्लिम पक्ष का बताया था।

मामला मद्रास हाईकोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। शीर्ष अदालत ने 20 नवंबर को एक बार दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी और 24 नवंबर को आयोजन का निर्देश दिया था। हालांकि, उस दिन विवादित स्तंभ के बजाय दूसरी जगह दीप जलाया गया। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने आदेश की अवहेलना पर नाराजगी जताई।

पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर अरुलमिगु सुब्रमणियस्वामी मंदिर और सिकंदर बदुशा दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद का मुख्य मुद्दा पहाड़ी की चोटी के पास स्थित पत्थर का पिलर और उस स्थान पर अधिकार है। हिंदू श्रद्धालु इसे पारंपरिक दीपथून मानते हैं, जबकि दरगाह पक्ष ने वहां के अधिकार और पहुंच के रास्ते पर सवाल उठाए थे।

Created On :  

Tags

Next Story