NEET-UG 2026: पेपर लीक विवाद के बीच NTA चीफ ने किया बड़ा दावा, कहा- पूरा पेपर लीक नहीं हुआ बस...

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद को लेकर संसद की समिति के सामने NTA के डीजी अभिषेक सिंह और चेयरमैन प्रदीप कुमार जोशी पेश हुए। बैठक में NTA अधिकारियों ने कहा कि पेपर एजेंसी के सिस्टम से लीक नहीं हुआ था। उनका कहना था कि परीक्षा के दौरान कुछ सवाल बाहर जरूर पहुंचे, लेकिन इसे पूरा पेपर लीक नहीं माना जा सकता। समिति ने मामले को गंभीर बताते हुए कई सवाल पूछे। वहीं विपक्षी सांसदों ने परीक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई और सिस्टम में तुरंत सुधार करने की मांग की। इस पूरे मामले की जांच फिलहाल CBI कर रही है और कई राज्यों से आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
समिति ने पूछे कड़े सवाल
बैठक में संसदीय समिति ने NTA अधिकारियों से पूछा कि आखिर इस मामले का जिम्मेदार कौन है। इस पर NTA प्रमुख ने कहा कि सही जवाब CBI जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी जांच में पूरा सहयोग कर रही है।
NTA ने क्या सफाई दी?
NTA अधिकारियों ने दावा किया कि परीक्षा का पूरा पेपर लीक नहीं हुआ था। उनके मुताबिक कुछ सवाल परीक्षा के समय बाहर पहुंचे थे, लेकिन इसे “पेपर लीक” कहना सही नहीं होगा। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा सिस्टम में किए जा रहे बदलावों की जानकारी भी दी गई।
सांसदों ने जताई नाराजगी
बैठक में विपक्षी सांसदों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छात्रों का भरोसा टूट रहा है और सिस्टम की कमियां जल्द ठीक होनी चाहिए। समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कहा कि सभी सांसद इस मामले को लेकर चिंतित हैं और बैठक में कई अच्छे सुझाव दिए गए। 11 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई थी। अब NEET-UG का री-एग्जाम 21 जून को होगा। CBI अब तक राजस्थान, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
Created On :   22 May 2026 9:00 AM IST










