मध्य प्रदेश चुनाव: अंगद के पांव के बाद आया थ्री इडियट्स, कांग्रेस ने बताया नीच मानसिकता

मध्य प्रदेश चुनाव: अंगद के पांव के बाद आया थ्री इडियट्स, कांग्रेस ने बताया नीच मानसिकता

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान को अंगद और कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को रावण के रूप में दिखाए जाने वाले वीडियो के बाद अब सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में राहुल गांधी कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया को दिखाया गया है जो थ्री इडियट्स फिल्म के गाने ऑल इज वेल में दिखाई दे रहे हैं। बीजेपी वीडियो जारी करने से मना कर रही है, वहीं गुस्साई कांग्रेस ने इसे बीजेपी की ओछी मानसिकता करार दिया है।

दिग्गज नेताओं की खिल्ली
मध्य प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों के एक दूसरे पर हमले तेज हो गए है। कमलनाथ को रावण और शिवराज को अंगद बताने वाले वीडियो के बाद आए एक और वीडियो ने सियासी घमासान छेड़ दिया है। इस नए वीडियो में कांग्रेस पार्टी की चेहरा उजागर न करने की नीति और उसके दिग्गज नेताओं की जमकर खिल्ली उड़ाई गई है।  थ्री इडियट्स थीम पर बनी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही करीब तीन मिनट की पेरोडी में कमल नाथ, दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के चेहरे लगाये गए है, जो कि गाने की धुन पर झूमते दिखाई दे रहे हैं।

बीजेपी की नीच मानसिकता
इस वीडियो पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने इसे बीजेपी की नीच और ओछी मानसिकता करार दिया है। वहीं प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि थ्री इडियट तो नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और शिवराज सिंह चौहान हैं। बीजेपी घबड़ाहट में है। पूरा देश सही वक्त आने पर जवाब देगा। वहीं  बीजेपी प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में कानूनी कार्रवाई करे। देश के पीएम और प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान के बारे में अपशब्द और अपमानजनक टिप्पणी ना करे।

पहले भी हुआ था वीडियो वायरल
बता दें कि इससे पहले भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में वीडियो में एमपी के सीएम शिवराज सिंह को अंगद के रूप में दिखाया गया है। कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को वीडियो में रावण के रूप में दिखाया गया है। जबकि, कांग्रेस की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया को रावण के पुत्र मेघनाद के तौर पर पेश किया गया है। वीडियो में दिखाने की कोशिश की गई है कि शिवराज सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार अच्छा काम कर रही है और कांग्रेस तमाम उपायों से उसे सत्ता से बेदखल करने की कोशिश कर रही है। 

 

 

साइबर थाने में शिकायत
वहीं इस विडियो पर कांग्रेस ने आपत्ति जताते हुए साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एक धार्मिक सीरियल के एक हिस्से से छेड़छाड़ करके जहां कांग्रेस नेताओं को अपमानित किया गया है, वहीं देश की बहुसंख्य जनता की भावनाओं से खिलवाड़ भी किया गया है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है। 

Created On :   9 May 2018 12:28 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story