पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल का निधन, 95 वर्ष की उम्र में ली आखिरी सांस 

Former Punjab CM Parkash Singh Badal passed away, breathed his last at the age of 95
पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल का निधन, 95 वर्ष की उम्र में ली आखिरी सांस 
नहीं रहे पूर्व सीएम पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल का निधन, 95 वर्ष की उम्र में ली आखिरी सांस 

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार रात करीब 8:28 बजे निधन हो गया। उनकी उम्र 95 साल थी। जानकारी के मुताबिक, सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत के बाद एक हफ्ते पहले मोहाली में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद उन्हें  सोमवार को आईसीयू में रखा गया था। बादल का अंतिम संस्कार बठिंडा के पास उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।

वरिष्ठ अकाली दल नेता प्रकाश सिंह बादल पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे थे। उन्हें 30 मार्च 2015 को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

पांच बार बने पंजाब के मुख्यमंत्री 

प्रकाश सिंह बादल का जन्म 18 दिसंबर, 1927 को पंजाब के फाजिल्का जिले के अबुल खुराना गांव में हुआ था। उन्होंने आजादी वाले साल 1947 में शिरोमणि अकाली दल पार्टी के सदस्य के रूप में अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया था। बादल अपने राजनीतिक करियर में पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे थे। 

वह सबसे पहले 1970 से 1971 तक, फिर 1977 से 1980 तक, उसके बाद 1997 से 2002 तक, फिर 2007 से 2012 और अंत में 2012 से 2017 तक कुल पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। वह लोकसभा के सदस्य भी रहे। प्रकाश सिंह बादल 1977 में प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई की सरकार में केंद्रीय कृषि एवं सिंचाई मंत्री रहे थे।

बादल 1969 से 2012 तक बार-बार पंजाब विधान सभा के लिए चुने गए।  इस दौरान 1992 एक अपवाद था। उस साल अकाली दल ने राज्य के चुनावों का बहिष्कार किया था। 

शीर्ष नेताओं ने दी श्रद्धांजलि 

बादल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि श्री प्रकाश सिंह बादल जी के निधन से अत्यंत दु:ख हुआ। वह भारतीय राजनीति की एक महान हस्ती थे, और एक उल्लेखनीय राजनेता थे, जिन्होंने हमारे देश के लिए बहुत योगदान दिया। उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक परिश्रम किया और कठिन समय में राज्य को सहारा दिया। 

वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया कि आमजन और किसानों के हित में प्रकाश सिंह बादल ने आजीवन संघर्ष किया। समाज, प्रदेश व देश के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने में भी बादल की भूमिका रही महत्वपूर्ण। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत। 

जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया कि श्री प्रकाश सिंह बादल जी एक राजनीतिक दिग्गज थे, जिन्होंने कई दशकों तक पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अपने लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक करियर में, उन्होंने किसानों और हमारे समाज के अन्य कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए कई उल्लेखनीय योगदान दिए।

इसके अलावा अखिलेश यादव ने ट्विटर पर लिखा कि देश के वरिष्ठ राजनेता एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति व शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करें। भावभीनी श्रद्धांजलि!

Created On :   25 April 2023 4:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story