हाईलाइट
  • उत्तराखंड हिमाचल में बर्फबारी
  • दिल्ली में हुई हल्की बारिश
  • मप्र में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में कड़ाके की ठंड के चलते दिल्ली सहित कई राज्यों में हालात खराब होते दिखाई दे रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में होने वाली बर्फबारी का असर इन राज्यों में दिखाई दे रहा है। जहां कई शहरों में पारा माइनस तक आ पहुंचा है। वहीं मप्र में रविवार की सुबह राजधानी सहित अधिकांश हिस्सों में तेज धूप ने ठंड से राहत दिलाई। हवा का रुख बदलने से यहां दिन के साथ रात में भी ठंडी से राहत मिलना शुरु हो गई है। बात करें राजधानी भोपाल की तो रविवार को यहां न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि राज्य में ठंड का जोर बना हुआ है, जहां कई स्थानों पर सुबह कोहरे का असर और घुली ठंडक ठिठुरन को बढ़ाती है।

मंडला में कम तापमान
मप्र में सबसे कम तापमान मंडला जिले में रहा, जहां 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा कम तापमाान वाले क्षेत्रों में खजुराहो और नौगांव शामिल हैं जहां 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। ग्वालियर में 7. 5 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 12.2 सेल्सियस दर्ज किया गया, इसी तरह अन्य जिलों का हाल रहा। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के न्यूनतम तापमानों में सभी संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है।  

7 व 8 जनवरी 
मौसम विभाग के अनुसार मप्र में आगामी 7 व 8 जनवरी को कोई विशेष परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा। इन दिनों में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। 

दिल्ली 
देश राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नेशनल कैपिटल रीजन) में रविवार सुबह हल्की बारिश हुई है, जिसके कारण पारा नीचे आ गया है। ऐसे में ठंड बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। दिल्ली में दिन के समय अधिक ठंड नहीं है, जबकि रात में तापमान काफी ज्यादा लुढ़क रहा है। यहां शनिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया, जो समान्य से 3 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया, जो समान्य से 3 डिग्री कम था। 

बर्फीले तूफान का अलर्ट
इसके साथ ही उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हुई है, जिससे वहां का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कश्मीर के कई इलाकों में भीषण बर्फबारी शनिवार को हुई, जो जारी है। यहां गिरने वाली बर्फ का असर देश के कई राज्यों में यहां आने वाली हवाओं के चलते होता है। इसके अलावा श्रीनगर में भी जमकर बर्फबारी हुई जिससे यहां बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी कर दी गई है।

 

Created On :   6 Jan 2019 2:55 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story