UP News: हीटवेव को लेकर सीएम योगी सख्त, हीटस्ट्रोक के मरीजों के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के दिए निर्देश

हीटवेव को लेकर सीएम योगी सख्त, हीटस्ट्रोक के मरीजों के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के दिए निर्देश
हीटवेव को लेकर यूपी सरकार ने सख्त निर्देश दिए हैं। सीएम योगी का कहना है कि सभी डीएम, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां अलर्ट मोड ऑन कर लें।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। देश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का दौर जारी है। वहीं, उत्तर प्रदेश में इन दिनों गर्मी से लोगों के हाल बेहाल हो रहे हैं। गर्मी और भीषण धूप में बाहर काम करने वालों का जीना मुश्किल कर दिया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते ऐसे हाल हो गए हैं कि अब दोपहर में लोग घर से बाहर निकलने में भी 10 बार सोच रहे हैं। कई शहरों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म हो रही हैं। इसी बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने कड़े निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत टीमों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि अस्पतालों, पेयजल और बिजली व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

अस्पतालों में पूरे इंतजाम करने के आदेश

मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि सरकारी अस्पतालों में लू और हीट स्ट्रोक के मरीजों के इलाज के लिए जरूरी सुविधाएं तैयार रखी जाएं। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी पूरी तैयारी के साथ रहने को कहा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज मिल सके।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने खास तौर पर बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने को कहा है। साथ ही लोगों को ढीले और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है, ताकि गर्मी से कुछ राहत मिल सके। प्रदेश में 25 मई से नौतपा भी शुरू हो रहा है, जिससे गर्मी और ज्यादा बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सरकार ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरत तेज धूप में बाहर न निकलें, खूब पानी पिएं और ऐसी कोई लापरवाही न करें जिससे आग लगने जैसी घटना हो सकती हो।

Created On :   24 May 2026 5:45 PM IST

Tags

Next Story