लोकसभा चुनाव: शाह का ऐलान- बिहार में 50-50 सीट शेयरिंग फॉर्मूले के साथ उतरेगी BJP-JDU

लोकसभा चुनाव: शाह का ऐलान- बिहार में 50-50 सीट शेयरिंग फॉर्मूले के साथ उतरेगी BJP-JDU
हाईलाइट
  • BJP और JDU ने बिहार में लोकसभा चुनावों के लिए सीटों का फॉर्मूला तय कर लिया है।
  • दोनों ही पार्टियों के बीच समान सीटों पर चुनाव लड़ने की सहमती बनी है।
  • सहयोगी दलों को भी सम्मानजनक सीटे देने की बात कही गई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने बिहार में लोकसभा चुनावों के लिए सीटों का फॉर्मूला तय कर लिया है। दोनों ही पार्टियों के बीच समान सीटों पर चुनाव लड़ने की सहमती बनी है। सहयोगी दलों को भी सम्मानजनक सीटें देने की बात कही गई है। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच दिल्ली में हुई बैठक के बाद सीट बंटवारे को लेकर ये फैसला लिया गया है।

बीजेपी प्रेसिडेंट अमित शाह ने कहा, 2019 का लोकसभा चुनाव पीएम मोदी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा और पहले से ज्यादा सीटें NDA इस बार हासिल करेगी। उन्होंने बताया कि मीटिंग में तय किया गया है कि बिहार में बीजेपी और जेडीयू 50-50 सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर चुनावी मैदान में उतरेंगी। हालांकि दोनों ही पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी इसका फैसला आने वाले दिनों में किया जाएगा। ऐसा माना जा रहा है कि अमित शाह कुछ और पार्टियों को भी NDA में शामिल कर सकते हैं। नई पार्टियों के आने पर सभी सहयोगियों की सीटों की संख्या कम होगी। शाह ने कहा, राम विलास पासवान और उपेंद्र कुशवाह हमारे साथ हैं। बता दें कि उपेंद्र कुशवाह की RLSP और रामविलास पासवान की LJP पार्टी है।

नीतीश कुमार ने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर चर्चा हो चुकी है और उसपर सहमति है। JDU और बीजेपी  बराबर-बराबर सीटों पर लड़ेगी और बाकी लोगों की सीटों की संख्या के बारे में अंतिम दौर में बातचीत चल रही है। दो तीन दिनों के भीतर सीटों की संख्या की घोषणा हो जाएगी। एक बार जब सीटों के संख्या की घोषणा हो जाएगी तो कौन पार्टी किस सीट से चुनाव लड़ेगी ये फैसला कर लिया जाएगा।

हालांकि, LJP ये साफ कर चुकी है वह 7 से कम सीटों पर वह समझौता नहीं करेगी। 2014 में LJP ने 7 सीटों पर चुनाव लड़ा था जिसमें से 6 सीटों पर जीत हासिल की थी। LJP बिहार के अध्यक्ष और राज्य मंत्री पशुपति कुमार पारस ने पहले कहा था, "बीजेपी अध्यक्ष, LJP अध्यक्ष राम विलास पासवान और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सीट साझा करने पर कोई आधिकारिक बात नहीं हुई है।

इससे पहले सितंबर में सीट शेयरिंग को लेकर नीतीश कुमार ने अमित शाह के साथ मीटिंग की थी। उस समय नीतीश कुमार ने कहा था कि सीटों को लेकर सहमती बन चुकी है इसका जल्द ही ऐलान किया जाएगा। बिहार में 40 संसदीय सीटें हैं जिनमें से BJP ने 2014 में 22 जीती थी जबकि JDU मुश्किल से दो ही सीट हासिल कर पाया था। 

Created On :   26 Oct 2018 1:29 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story