ईद पर बिहार में बजाया हम पाकिस्तानी मुजाहिद हैं, 8 लोग गिरफ्तार

8 persons arrested for dancing to an anti national and pro-pakistan song in rohtas district bihar
ईद पर बिहार में बजाया हम पाकिस्तानी मुजाहिद हैं, 8 लोग गिरफ्तार
ईद पर बिहार में बजाया हम पाकिस्तानी मुजाहिद हैं, 8 लोग गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, रोहतास। बिहार के रोहतास जिले से आतंकवादियों का मनपसंद पाकिस्तानी गाना बजाने और उस पर नाचने का मामला सामने आ रहा है। ईद की पूर्व संध्या से ही इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ लोग डीजे पर देश विरोधी "हम पाकिस्तानी मुजाहिद हैं" गाना बजाते हुए उस पर नाचते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इसी वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि यह गाना आतंकी अक्सर अपने ट्रेनिंग कैंपों में बजाते हैं।

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ईद की पूर्व संध्या पर कुछ लोग यूट्यूब के जरिए डीजे पर देश विरोधी गाने बजाते और उस पर नाचते नजर आ रहे हैं। इस गाने के बोल थे, "हम पाकिस्तानी मुजाहिद हैं इस धरती के रखवाले, जान की बाजी खेल के, तुझको काट के रख देंगे...।" यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर भी किया जा रहा है।

बीडीओ संजय कुमार ने डीजे संचालक और डीजे बुक कराने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाद में दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने कई ठिकानों पर छापामारी कर पांच नाबालिग समेत कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

सोमवार को ही रोहतास पुलिस अधीक्षक (एसपी) सत्यवीर सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर नासरीगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही इस मामले में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पकड़े गए लोगों की उम्र 18 से 22 साल के बीच बताई जा रही है। सभी एक ही इलाके के रहने वाले हैं। मामले में अभी कई और भी लोगों से पूछताछ की जा रही है।

सत्यवीर सिंह ने बताया कि वीडियो को जांच के लिए फरेंसिक लेब भेजा गया है। इस मामले में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि इस कार्यक्रम के लिए प्रशासनिक इजाजत नहीं ली गई थी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी बिहार के ही अररिया से पाकिस्तानी नारे लगाए जाने का एक मामला सामने आ चुका है। यह घटना 14 मार्च 2018 की है, जब अररिया लोकसभा उप चुनाव में जीत के बाद आरजेडी वालों ने जमकर जश्न मनाया था। इसी बीच विजेता उम्मीदवार सरफराज आलम के घर के सामने कुछ लोगों ने देश विरोधी नारेबाजी भी की थी। सज्जाद और सुल्तान आजमी नामक दो युवकों ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए थे। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने पड़ताल कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

 

.

Created On :   19 Jun 2018 6:21 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story