पत्थर खदान धसकने से एक मजदूर की मौत, एक गंभीर

A laborer died due to stone mudslide, one man seriously injured
पत्थर खदान धसकने से एक मजदूर की मौत, एक गंभीर
पत्थर खदान धसकने से एक मजदूर की मौत, एक गंभीर

डिजिटल डेस्क, छतरपुर/नौगांव। यहां नौगांव के दौरिया गांव में पत्थर खदान में आज विस्फोट के दौरान दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें से एक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इस संबंध में बताया गया है कि दोपहर 12 बजे खदान में विस्फोट किया गया था। इसी दौरान खदान का एक बड़ा सा भाग धसकने से दो मजदूर इसकी चपेट में आ गए। बुरी तरह घायल हुए इन दोनों मजदूरों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में किया गया और उसके बाद डॉक्टरों ने इन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ग्वालियर रेफर कर दिया। इस दौरान अलीपुरा के पास रास्ते में एक घायल ने दम तोड़ दिया। दूसरे की भी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

चट्टान की चपेट में आए दोनों मजदूर
इस संबंध में पुलिस सूत्रों द्वारा बताया गया है कि नौगांव निवासी रवि अग्रवाल की दौरिया गांव के पास पत्थर खदान संचालित होती है। शुक्रवार को दोपहर जब मजदूर यहां पर काम कर रहे थे। इसी दौरान एक चट्टान टूटकर ऊपर से नीचे गिर गई। इस हादसे में खदान में काम कर रहे बिहारी राजपूत पिता बहादुर राजपूत निवासी नैगुवां और महेश यादव पिता शंभु दयाल यादव निवासी दौरिया घायल हो गए। इन्हें तुरंत इलाज के लिए निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ग्वालियर रेफर किया गया। नौगांव से करीब 20 किमी दूर अलीपुरा के समीप रास्ते में ही मौत हो गई।

हो चुके हैं कई हादसे
मजदूरों का आरोप है कि आज से पहले भी इस खदान में कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें श्रमिक अपने हाथ पैर गवां चुके हैं। इसके बाद भी खदान संचालक द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। क्षेत्र में फैली बेरोजगारी के कारण गरीब तबके के लोग मजबूरी में इस खदान में मजदूरी कर रहे हैं। प्रशासन से अपेक्षा की गई है कि इस मामले में कठोर कार्रवाई की जाए, जिससे और अन्य मजदूरों को अपनी जान से हाथ न धोना पड़े।

 

Created On :   15 March 2019 1:56 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story