नौकरी का झांसा देकर रिश्तेदार महिला ने विदेश में बेचा, पीड़िता ने फोन पर दी परिजनों को जानकारी

A relative sold her relative in foreign in the name of providing job
नौकरी का झांसा देकर रिश्तेदार महिला ने विदेश में बेचा, पीड़िता ने फोन पर दी परिजनों को जानकारी
नौकरी का झांसा देकर रिश्तेदार महिला ने विदेश में बेचा, पीड़िता ने फोन पर दी परिजनों को जानकारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मानव तस्करी के तहत नागपुर की एक महिला को विदेश भेजा गया। घटित प्रकरण को महिला का पति जेल में होने और उसकी आर्थिक स्थिति खराब होने से रिश्तेदार महिला ने ही घटित प्रकरण को अंजाम दिया। प्रकरण के उजागर होने पर सक्करदरा थाने में आरोपी महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। बता दें कि सक्करदरा थाने में ही कुछ माह पूर्व भी मानव तस्करी का मामला सामने आया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित 35 वर्षीय महिला सक्करदरा क्षेत्र की निवासी है, जो गृहिणी है। उसे दो पुत्रियां और एक पुत्र है। पति मजदूरी करता है, लेकिन कुछ महीने पहले उसके नाम पर किसी मामले को लेकर समन जारी हुआ। पुलिस उसे पकड़कर ले गई। केस लड़ने के लिए महिला के पास पैसे नहीं होने से उसके पति को जेल जाना पड़ा। वैसे भी महिला के घर की माली हालत ठीक नहीं थी। पति को छुड़ाने और घर चलाने के लिए महिला को नौकरी की तलाश थी। इसी बीच कुछ लोगों के यहां उसने काम भी किया। इसी दरमियान उसने जान पहचान वाले कुछ लोगों से नौकरी की बात छेड़ी थी। उसे पता चला कि बिलकिस बानों विदेश में नौकरी लगा देने वाले कुछ लोगों को जानती है, जिस कारण नौकरी के लिए उससे मिली। 

दो महीने पीड़िता का पासपोर्ट, वीजा आदि दस्तावेज बनाने में ही लगे। 31 जुलाई 2018 को पीड़िता, बिलकिस के साथ घर से रवाना हुई। उस समय उसने घर में सऊदी अरेबिया जाने की जानकारी नहीं दी थी। वहां पर पीड़िता को 30 हजार रुपए प्रति महीने के वेतन से घरेलू नौकरानी का काम मिलने का झांसा दिया गया था। बिलकिस के साथ जब पीड़िता घर से रवाना हुई, तब इसकी जानकारी पीड़िता के परिवार वालों को भी नहीं थी। पीड़िता ने सिर्फ एक पुत्री को दिल्ली जाने की जानकारी दी थी। दिल्ली जाने के बाद पीड़िता को सऊदी अरेबिया ले जाने के बजाय ओमान ले जाया गया। 

फोन पर पीड़िता ने दी प्रताड़ना की जानकारी 
करीब सप्ताह भर पहले ही पीड़िता ने घर में फोन किया था। फोन पर उसने घर के लोगों को बताया कि उसे ओमान में बंधक बनाकर रखा गया है। अमानवीय यातनाएं दी जा रही हैं। प्रताड़ना के कारण वह यहां पर नहीं रहना चाहती है। पीड़िता ने यह बात ओमान में जिन लोगों के साथ रहती है उन लोगों को भी बताई है, लेकिन वे लोग अब पीड़िता को वापस भारत नहीं भेजना चाहते हैं।

आरोपी महिला ने वापस लाने के लिए मांगे दो लाख रुपए 
इस बीच परिजनों ने बिलकिस से पीड़िता को वापस ले आने के लिए कहा। बिलकिस पीड़िता को वापस लाने के लिए तैयार तो हुई, लेकिन इसके लिए पीड़ित परिवार से दो लाख रुपए की मांग की। बिलकिस का कहना था कि उसे लाने के लिए ही दो लाख रुपए का खर्चा आएगा। इस कारण वह सिर्फ इसका खर्चा ही मांग रही है। घटित प्रकरण को लेकर हुए आरोप-प्रत्यारोप से मामला थाने जा पहुंचा। प्रकरण की गंभीरता से बिलकिस के खिलाफ धोखाधड़ी, मानव तस्करी सहित और भी धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस बीच पीड़िता को वापस भारत लाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं, जांच जारी है। 
 

Created On :   23 Aug 2018 8:49 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story