खेत जोत रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर कुएं में गिरा, चालक मृत गोटेट गांव की घटना

A truck got uncontrolled and got dropped in a well, driver died
खेत जोत रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर कुएं में गिरा, चालक मृत गोटेट गांव की घटना
खेत जोत रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर कुएं में गिरा, चालक मृत गोटेट गांव की घटना

डिजिटल डेस्क, चंदेरा/लिधौरा। लिधौरा थाना क्षेत्र के ग्राम गोटेट में गत दोपहर खेत की जुताई के दौरान अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर कुएं में जा गिरा। ट्रैक्टर चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर और चालक को कुएं से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। घटना दोपहर 3.00 बजे की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार गोटेट निवासी महेश यादव के खेत मितवा बिहार में बोवनी का कार्य चल रहा था। महेश के ट्रैक्टर से ड्राइवर स्थानीय निवासी राजेश विश्वकर्मा जुताई कर रहा था। दोपहर 3.00 बजे के करीब अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित होकर चालक सहित ट्रैक्टर सूखे कुएं में जा गिरा। हादसे की खबर लगते ही गांव में हलचल बढ़ गई। ग्रामीण भागे-भागे कुएं पर पहुंचे। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।

दुर्घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा लिधौरा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर कुएं से बाहर निकालने के जतन शुरू किए, लेकिन कुएं की गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली।

ट्रैक्टर-शव निकालने बुलाई क्रेन
अनियंत्रित ट्रैक्टर जिस कुएं में गिरा वह सूखा था, उसकी गहराई भी अधिक थी। कुएं में गिरा चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। जिसके कारण घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। ट्रैक्टर के चारों पहिए ऊपर थे और चालक का शव उसके नीचे दबा होने के कारण कुएं से बाहर नहीं निकाले जा सके। तरह-तरह के जतन करने के बावजूद ट्रैक्टर और शव को बाहर निकालने में सफलता नहीं मिली। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई थी। क्रेन मशीन का इंतजार किया जा रहा था।

कुएं पर नहीं था मुंडेर
बताया जाता है कि महेश यादव के खेत के बीच स्थित कुआं सूखा पड़ा है। इसके ऊपर मुंडेर भी नहीं बना हुआ है। इसी लापरवाही के कारण अनियंत्रित ट्रैक्टर बिना किसी अवरोध के कुएं में जा गिरा। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक राजेश के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अनुमेहा दुबे सहित मौके पर पहुंचीं पुलिस बल घटना का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि शव और ट्रैक्टर को निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई। गुरूवार शाम तक सफलता मिलने की संभावना है ।

 

Created On :   5 July 2018 8:34 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story