AAP को झटका, गांधी नगर विधायक अनिल बाजपेयी बीजपी में शामिल

AAP MLA Anil Bajpai Joins BJP after Arvind Kejriwals Rs 10 Crore Bribe Claim
AAP को झटका, गांधी नगर विधायक अनिल बाजपेयी बीजपी में शामिल
AAP को झटका, गांधी नगर विधायक अनिल बाजपेयी बीजपी में शामिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में लोकसभा चुनाव से कुछ दिन पहले अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी को झटका लगा है। गांधी नगर से पार्टी के विधायक अनिल बाजपेयी शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। बाजपेयी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री विजय गोयल की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए।

पार्टी छोड़ने के बाद बाजपेयी ने कहा, "मैंने AAP के लिए कई साल काम किया। पार्टी में सम्मान की कमी और अजीबोगरीब प्रकार की कार्यप्रणाली से मैं आहत था। यह अपने मूल मार्ग से अलग हो गई है।" हाल ही में दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल सहित AAP नेताओं ने भाजपा पर हॉर्स ट्रेडिंग में लिप्त होने का आरोप लगाया था। AAP नेताओं ने कहा था कि बीजेपी उनके 7 विधायकों को 10-10 करोड़ रुपए में खरीदने की कोशिश कर रही है। हालांकि, बाजपेयी ने भाजपा में शामिल होने के लिए पैसे लेने से इनकार किया और कहा कि केजरीवाल को आरोप लगाने और फिर माफी मांगने की आदत है।

दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री गोयल ने गुरुवार को दावा किया था कि सात नहीं बल्कि 14 AAP विधायक उनकी पार्टी के संपर्क में है। ये विधायक हताशा और अपमान के कारण आम आदमी पार्टी छोड़ना चाहते है। AAP के तीन नगर पार्षद भी भाजपा में शामिल हो गए। वैसे चुनाव के सीज़न में दल बदल आम हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी पहले से ही कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के लिए संघर्ष कर रही है। ऐसे में AAP विधायक का बीजेपी में शामिल होना पार्टी के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला है। पिछले महीने भी आम आदमी पार्टी को करारा झटका लगा था। पंजाब में आप विधायक नजर सिंह राज्य के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

 

 

Created On :   3 May 2019 11:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story