मुंबई-पुणे एक्सप्रेस पर हादसे में पांच की मौत, खापरखेड़ा एक्सीडेंट में 2 ने दम तोड़ा

accident on the Mumbai-Pune Expressway near Khopoli
मुंबई-पुणे एक्सप्रेस पर हादसे में पांच की मौत, खापरखेड़ा एक्सीडेंट में 2 ने दम तोड़ा
मुंबई-पुणे एक्सप्रेस पर हादसे में पांच की मौत, खापरखेड़ा एक्सीडेंट में 2 ने दम तोड़ा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर हुए एक भीषण हादसे में तीन महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई जबकि तीन जख्मी हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा खोपोली के पास बोरघाट में शुक्रवार सुबह 11 बजे के करीब हुआ जब एक अनियंत्रित ट्रेलर डिवाइडर पार करता हुआ सामने से आ रही दो कारों से टक्कर के बाद पलट गया। हादसे की वजह बना ट्रेलर पुणे से मुंबई की ओर जा रहा था जबकि कारें मुंबई से पुणे की दिशा में जा रहीं थीं। तेज रफ्तार ट्रेलर पलट गया और एक कार सड़क के किनारे स्थित खाईं में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करता हुआ दूसरे लेन में जा पहुंचा और सामने से आ रही कारों से टकराता हुआ पलट गया। भीषण टक्कर में कारों में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन बुरी तरह जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए नई मुंबई स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तीन मृतकों की पहचान निकिता आंग्रे (26), अविनाश आंग्रे (59) और मृणाली श्रीकांत पुणेकर (65) के रुप में हुई है। खबर लिखे जाने तक दो मृतकों की पहचान नहीं हुई थी। ट्रेलर पर सीमेंट की बोरियां लदी हुईं थीं जो सड़क पर बिखर गई और हाइवे पर जाम लग गया जिसे नियंत्रित करने के लिए यातायात विभाग को अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात करना पड़ा। 

पूरी तरह से ठप्प हो गया था यातायात

हादसे की जानकारी मिलते ही खोपोली और बोरघाट पुलिस के दस्ते घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके अलावा सामाजिक संस्था के कार्यकर्ता, आईआरबी कर्मी, डेल्टा पथक कर्मी, देवदूत पथक के सदस्य भी पहुंचे। सभी ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे हुए घायलों को बाहर निकाला और पनवेल स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना के कारण सड़क पर सिमेंट की बोरियां पड़ी हुई थी। यातायात पूरी तरह से ठप्प हो गया था। काफी देर बार दुर्घटनाग्रस्त वाहन तथा सिमेंट की बोरियां सड़क से हटाई गई। उसके बाद यातायात सुचारू हुआ।    

कार-बस की भिड़ंत में 2 की मौत, 7 घायल

उपराजधानी के खापरखेड़ा रोड पर कार तेज गति से दौड़ रही बस से टकरा गई। कार में बैठे 2 लोग बुरी तरह घायल हो गए। जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं 7 गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। शुक्रवार सुबह साढ़े 6 बजे फ्लाई ओवर चढ़ रही बस यू टर्न लेते वक्त हादसे का शिकार हो गई। कार में कुल 9 लोग बैठे थे। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया। मॉर्निंग वॉक कर रहे और बस स्टॉप पर खड़े लोगों ने गम्भीर घायलों को कार से बाहर निकाला। इलाज के दौरान मोहम्मद रफिक मोहम्मद शफिक अन्सारी उम्र 18 वर्ष, शेख नूर मोहम्मद शेख रहीम उम्र 18 वर्ष की मौत हो गई। 

करंट लगने से 5 वर्षिय बालक की मौत

इसके अलावा यवतमाल के आर्णी में 5 वर्षिय बालक की करंट लगने से मौत हो गई थी। उमरी (ई) ग्राम में शाम 4 बजे घर के बाहर खेल रहे बालक को करंट लगा था। सुनिल मोहन जाधव का बेटा क्रिष्णा आंगन मे खेलते समय पड़ेसी के बाथरुम के पास अचानक गिर गया। इस दौरान उसे करंट लगा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।

तेलंगाना में बस ने कार को मारी टक्कर, चार घायल, दो गंभीर

आदिलाबाद जिले के देवापुर क्रास रोड के पास हुई सड़क दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को रिम्स अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवापुर क्रास रोड के पास तेज रफ्तार से आई बस ने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार में सवार चार लोग घायल घायल हो गए थे। सड़क दुर्घटना में कार पुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Created On :   4 Jan 2019 5:02 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story