नाना पाटेकर की मराठी फिल्म 'आपला मानुष' का फर्स्ट लुक रिलीज

Actor Nana Patekar marathi film aapla manush fisrt look released
नाना पाटेकर की मराठी फिल्म 'आपला मानुष' का फर्स्ट लुक रिलीज
नाना पाटेकर की मराठी फिल्म 'आपला मानुष' का फर्स्ट लुक रिलीज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड एक्टर नाना पाटेकर जल्द ही एक मराठी फिल्म आपला मानुष में नजर आएंगे। इस फिल्म में अजय देवगन भी हैं। अजय इस फिल्म से पहली बार मराठी सिनेमा में कदम रख रहे हैं। हाल ही में इस फिल्म से नाना का फर्स्ट लुक साझा किया गया था, जिसमें नाना बारिश में बाइक चलाते हुए नजर आ रहे हैं। इस फिल्म को अजय देवगन प्रोड्यूस कर रहे हैं। नाना की यह फिल्म 9 जनवरी 2018 को रिलीज हो रही है।

 

 

 

बता दें कि कल नए साल पर नाना पाटेकर का जन्मदिन भी है। नाना बड़े ही सादे अंदाज में अपना जन्मदिन मनाते हैं। 1 जनवरी 1951 को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के एक छोटे से गांव में नाना का जन्म हुआ था। उनकी फिल्मों से इतर भी उनके बारे में कई दिलचस्प बाते हैं, जो उन्हें असल में नाना बनाती हैं। नाना पाटेकर अपनी एक खास तरह की डायलॉग डिलीवरी के लिए जाने जाते हैं। 

 

उनका नाम आते ही एक बेखौफ इंसान की छवि सामने आती है, एक ऐसा इंसान जो बोलना शुरू करता है, तो बिना रुके कई मिनट तक ऊंची आवाज में सच को सबके सामने लाने के बाद ही चुप होता है। जल्द ही नाना फिर से एक नई फिल्म में फिर अपने तूफानी अंदाज में नजर आने वाले हैं। इससे पहले भी उन्होंने मराठी सिनेमा में कई दमदार भूमिका निभाई हैं। ब्रिटिश टेलीविज़न सीरीज लार्ड माउंटबेटन: दी लास्ट विक्ट्री में उन्होंने नाथूराम गोडसे की भूमिका भी निभाई थी।

 


शांति में रहना पसंद करते हैं नाना

नाना पाटेकर एक बेहद ही सरल इंसान है। इतने बड़े स्टार होने के बाद भी वो 1 बीएचके फ्लैट में रहते हैं। उन्हें जब भी मौका मिलता है, वो जरूरतमंदों की मदद के लिए खुद आगे आ जाते हैं। नाना एक एनजीओ भी संचालित करते हैं। नाना की संस्था किसानों, नदी संरक्षण और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए काम करती है। नाना पाटेकर ने मुजफ्फर अली की फिल्म गमन में एक छोटे से रोल से करियर की शुरुआत की थी। एन चंद्रा की अंकुश और विधु विनोद चोपड़ा की परिंदा से उन्हें पहचान मिली। उन्होंने प्रहार जैसी फिल्म का डायरेक्शन भी किया। इसके अलावा उन्हे क्रांतिवीर, खामोशी, यशवंत, अब तक छप्‍पन, अपहरण, वेलकम, राजनीति जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए भी जाना जाता है। 

Created On :   31 Dec 2017 9:44 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story