शत्रुघ्न सिन्हा गुरुवार को कांग्रेस में होंगे शामिल, पटना साहिब से लड़ सकते हैं चुनाव

शत्रुघ्न सिन्हा गुरुवार को कांग्रेस में होंगे शामिल, पटना साहिब से लड़ सकते हैं चुनाव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी की तीखी आलोचना के लिए जाने जाते हैं गुरुवार (28 मार्च) को कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा फिलहाल बिहार के पटना साहिब से सांसद है। बीजेपी ने इस सीट से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को मैदान में उतारने का फैसला किया है जिसके बाद शत्रुघ्न की पार्टी छोड़ने की बात सामने आई है। शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस में शामिल होने की पुष्टि पार्टी के राज्यसभा सांसद और चुनाव अभियान समिति के चेयरमैन अखिलेश प्रसाद सिंह ने की है।

अखिलेश प्रसाद सिंह ने बताया कि शत्रुघ्न सिन्हा आधिकारिक तौर पर 28 मार्च को सुबह 11:30 बजे कांग्रेस में शामिल होंगे। दिल्ली स्थित पार्टी के कार्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने वह पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। कांग्रेस शत्रुघ्न सिन्हा को रविशंकर प्रसाद के सामने पटना साहिब से ही मैदान में उतार सकती है।

2014 में शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की थी, लेकिन बाद में उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया गया था। तब से वह पार्टी की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के मुखर आलोचक रहे हैं। कुछ दिन पहले, सिन्हा ने संकेत दिया था कि वह अब नरेंद्र मोदी के अधीन काम नहीं करेंगे।

शायराना अंदाज में ट्वीट करते हुए सिन्हा ने कहा था कि "मोहब्बत करने वाले कम न होंगे, (शायद) तेरी महफिल में लेकिन हम न होंगे।" इसके बाद एक और ट्वीट करते हुए सिन्हा ने कहा था "सर राष्ट्र आपका सम्मान करता है, पर नेतृत्व में विश्वसनीयता और विश्वास की कमी है।"

सिन्हा ने कई मौकों पर प्रधानमंत्री और भाजपा नेतृत्व के प्रति नाखुशी व्यक्त की है और उनके शुक्रवार के ट्वीट ने यह स्पष्ट कर दिया था कि वह जल्द ही उस पार्टी को छोड़ सकते हैं जिससे वह लगभग दो दशकों से जुड़े हुए हैं। 

Created On :   26 March 2019 12:34 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story