भारतीय टीम को ICC वनडे रैंकिंग में एक अंक का फायदा, टॉप पर मौजूद इंग्लैंड के करीब पहुंची

भारतीय टीम को ICC वनडे रैंकिंग में एक अंक का फायदा, टॉप पर मौजूद इंग्लैंड के करीब पहुंची
हाईलाइट
  • ICC वनडे रैंकिंग में भारत 122 अंको के साथ दूसरे स्थान पर
  • इंग्लैंड 126 अंको के साथ ICC वनडे रैंकिंग में टॉप पर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम को ICC वनडे रैंकिंग में एक अंक का फायदा हुआ है। भारत अब ICC वनडे रैंकिंग में टॉप पर मौजूद इंग्लैंड के और करीब पहुंच गया है। ICC वनडे रैंकिंग में भारत 122 अंको के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है। तो वहीं इंग्लैंड 126 अंको के साथ टॉप पर बना हुआ है। भारत से सीरीज हारने के बाद न्यूजीलैंड को ICC वनडे रैंकिंग में एक पायदान का नुकसान हुआ है। वह तीसरे स्थान से फिसल कर चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

भारत ने रविवार को वेलिंग्टन में खेले गए सीरीज के पांचवे और आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को 35 रन से हराया था। इस जीत के साथ ही पांच मैचों की वनडे सीरीज में भारत ने न्यूजीलैंड पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। भारत ने न्यूजीलैंड की धरती पर पहली बार 4-1 से वनडे सीरीज जीती। भारत ने पहली बार 1967 में न्यूजीलैंड का दौरा किया था। उस दौरे में भारत ने टेस्ट सीरीज 3-1 (4) से जीती थी। उसके बाद भारत ने 2009 में न्यूजीलैंड को वनडे सीरीज में 3-1 (5) से मात दी थी। भारत ने विदेशी धरती पर पांचवी बार 4-1 से वनडे सीरीज जीती है। 

वहीं न्यूजीलैंड की इस हार का फायदा साउथ अफ्रीका को हुआ है। वह अब चौथे से तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले भारत के 121 अंक थे, जबकि न्यूजीलैंड के 113 अंक थे। अब न्यूजीलैंड के 111 अंक हो गए हैं। जबकि साउथ अफ्रीका टीम के भी इतने ही अंक हैं, लेकिन न्यूजीलैंड दशमलव अंक के अंतर से साउथ अफ्रीका से पीछे हुई है। पिछले सप्ताह साउथ अफ्रीका से 3-2 से सीरीज हारने वाली पाकिस्तान 102 अंको के साथ पांचवे स्थान पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 100 अंकों के साथ छठें स्थान पर है। 

Created On :   4 Feb 2019 6:39 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story