भारत को F-16 और F-18 फाइटर जेट सौंपकर रक्षा सम्बंधों को मजबूत बनाएगा अमेरिका

America wants to make important defense agreement with India
भारत को F-16 और F-18 फाइटर जेट सौंपकर रक्षा सम्बंधों को मजबूत बनाएगा अमेरिका
भारत को F-16 और F-18 फाइटर जेट सौंपकर रक्षा सम्बंधों को मजबूत बनाएगा अमेरिका

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिका भारत के साथ कुछ महत्वपूर्ण रक्षा समझौते करना चाहता है। भारत को F-18 और F-16 फाइटर जेट बेचने के लिए अमेरिका इन समझौतों पर विचार कर रहा है। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने यह जानकारी दी है। अमेरिका की दक्षिण और मध्य एशिया मामलों की असिस्टेंट सेक्रेटरी एलिस जी वेल्स ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच मजबूत रक्षा सम्बंध हैं, अब इन सम्बंधों पर आगे बढ़ने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि नए समझौतों की मदद से अमेरिका के लिए भारत को एफ-16 और एफ-18 जेट की बिक्री आसान होगी और इससे रक्षा प्रौद्योगिकी साझेदारी तैयार करने में भी मदद मिलेगी। 

 

गौरतलब है कि पिछले महीने ट्रंप प्रशासन ने कांग्रेस को बताया था कि वह भारत को F-16 और F-18 बेचने का समर्थन करता है। ट्रंप प्रशासन ने साथ में यह भी कहा था कि इस प्रस्ताव से भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय रिश्तें और रक्षा सम्बंधों में मजबूती आएगी। अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन के भारत दौरे पर भी इस मुद्दे पर बात हुई है।

 

अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन के भारत दौरे का जिक्र करते हुए एलिस ने बताया, "विदेश मंत्री का यह दौरा बड़ा दोस्ताना रहा। इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के सम्बंध में कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए। हम मानते हैं कि यह दौरा भविष्य के लिए बेहद अहम था।"

 

एलिस ने कहा कि विदेश मंत्री की गांधी स्मृति की यात्रा हृदयस्पर्शी थी, जो इस बात को स्पष्ट करती है कि भारत-अमेरिका के सम्बंध मूल्यों पर आधारित हैं।" एलिस ने कहा, "हम भारत के साथ सैन्य सहयोग को मजबूत करना चाहते हैं। हम वर्तमान में भारत के साथ 115 बिलियन डॉलर का व्यापार करते हैं, इसमें 40 बिलियन डॉलर द्विपक्षीय निवेश है। हम आपस में इस व्यापार को और आगे बढ़ाना चाहते हैं।"
 

Created On :   28 Oct 2017 2:00 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story