army post in Kupwara has been hit by avalanche, 3 soldiers martyr

डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एक आर्मी पोस्ट हिमस्खलन की चपेट में आ गई है। इस हादसे में 3 जवान शहीद हो गए हैं। इस घटना में 1 जवान गंभीर रूप से घायल भी हुआ है। आर्मी पोस्ट कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में थी। यहां सोना पंडी गली के पास स्थित 21 राजपूत सेना की चौकी शाम करीब साढ़े चार बजे हिमस्खलन की चपेट में आई।

सेना के एक अधिकारी ने इस घटना के बारे में बताया कि माछिल सेक्टर में हुए हिमस्खलन के कारण सेना ने तीन जवानों को खो दिया है। सेना के अधिकारी ने बताया, "इस हिमस्खलन में चार जवान लापता हो गए थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक जवान को बचा लिया गया, जबकि एक की मौके पर ही मौत हो गई थी। दो अन्य जवानों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक जवान का इलाज अस्पताल में चल रहा है।" अधिकारी ने बताया कि तीनों जवानों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शहीद जवानों के नाम हवलदार कमलेश सिंह (39), नायक बलवीर (33) और सिपाही राजिंदर है। हादसे में घायल जवान को इलाज के लिए ले जाया गया है।

दो दिन पहले बर्फबारी के बाद मौसम विभाग ने हिमस्खलन को लेकर चेतावनी दी थी। विभाग की चेतावनी के बाद सेना ने कुपवाड़ा में तैनात सेना को भी सतर्क रहने के लिए कहा था। अफगानिस्तान - ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र में 6. 2 की तीव्रता वाला भूकंप आने पर उत्तर भारत में कई हिस्सों के थर्राने के बाद यह कदम उठाया गया था। चेतावनी दो दिन पहले कुपवाड़ा, बांदीपुर, शोपियां और कारगिल जिलों में जारी की गई थी।

कैसे और क्यों होता है हिमस्खलन
हिम स्खलन एक बर्फीला तुफान होता है। भारत में इस तरह के तूफान हिमालय के ऊंचे इलाकों में अक्सर आते रहते हैं। ये तब और खतरनाक हो जाते हैं, जब चोटियों पर ज्यादा बर्फ जम जाती है। बहुत ज्यादा दबाव बढ़ने की वजह से बर्फ की परतें खिसलने लगती हैं। भारी मात्रा में बर्फ खिसलने को हिमस्खलन कहते हैं।

Created On :   2 Feb 2018 6:44 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story