भारतीय हॉकी टीम का विजयी सफर जारी, जापान को 8-0 से रौंदा

भारतीय हॉकी टीम का विजयी सफर जारी, जापान को 8-0 से रौंदा
हाईलाइट
  • भारतीय टीम पूल-A में टॉप पर बना हुआ।
  • भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जापान को 8-0 से करारी मात दे दी।
  • भारतीय हॉकी टीम की यह लगातार तीसरी जीत है।

डिजिटल डेस्क, जकार्ता। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 18वें एशियन गेम्स में शुक्रवार को अपने तीसरे ग्रुप मुकाबले में जापान को 8-0 से करारी शिकस्त दी। भारतीय हॉकी टीम की यह लगातार तीसरी जीत है। भारतीय टीम ने तीनों ही मुकाबले में एक भी गोल नहीं खाया है। जकार्ता में खेले गए इस मुकाबले के बाद भारतीय टीम पूल-A में टॉप पर बना हुआ।

भारत के लिए पेनाल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ रुपिंदर पाल सिंह और स्ट्राइकर मनदीप सिंह ने दो-दो गोल दागे। जबकि एसवी सुनील, दिलप्रीत सिंह, विवेक और आकाशदीप सिंह ने एक-एक गोल किए। दूसरे पूल मुकाबले में जीत के बाद बुलंद हौसले से उतरी भारतीय टीम ने तीसरे मैच में भी बेहद आक्रामक शुरुआत की। एसवी सुनील ने 7वें मिनट में भारत के लिए पहला गोल दागा। 12वें मिनट में दूसरा गोल दाग दिलप्रीत सिंह ने स्कोर 2-0 कर दिया। इसके पांच मिनट बाद ही रुपिंदर ने तीसरा गोल स्कोर किया और हाफ टाइम तक 3-0 की बढ़त हासिल कर ली।

 

 


हाफ टाइम के बाद भी भारतीय टीम ने हमले जारी रखे और बढ़त को 32वें मिनट में 4-0 कर दिया। भारत के लिए यह गोल मनदीप सिंह ने किया। इसके बाद जापान ने काउंटर अटैक करने की कोशिश जरूर की, लेकिन भारतीय टीम के डिफेंस के आगे उनकी एक न चली। भारत ने एक बार फिर हमला तेज करते हुए 37वें मिनट में गोल कर स्कोर 5-0 कर दिया। इसके बाद आकाशदीप ने 45वें, विवेक ने 47वें और मनदीप ने 56वें मिनट में गोल कर भारत को 8-0 से जीत दिला दी।

बता दें कि भारत ने अपने पहले पूल मैच में इंडोनेशिया को 17-0 से हराया था। इसके बाद टीम इंडिया ने हांगकांग को भी 26-0 से रौंद दिया था। भारतीय पुरुष हॉकी टीम की हांगकांग के खिलाफ जीत एशियन गेम्स में किसी भी देश के लिए सबसे बड़ी जीत है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम का एशियन गेम्स में इतिहास शानदार रहा है। भारतीय हॉकी टीम ने 17 एशियन गेम्स में अब तक तीन गोल्ड, नौ सिल्वर और दो ब्रॉन्ज समेत कुल 14 पदक हासिल किए हैं। भारतीय टीम ने 2014 इंचियोन एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।

Created On :   24 Aug 2018 5:52 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story