मनपा की कमान संभालेंगे अभिजीत बांगर

Bangar will take charge on Thursday 15th November as Municipal Commissioner
मनपा की कमान संभालेंगे अभिजीत बांगर
मनपा की कमान संभालेंगे अभिजीत बांगर

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  मनपा आयुक्त को लेकर चल रही अटकलों पर अंतत: विराम लग गया। अमरावती जिलाधिकारी अभिजीत बांगर को मनपा आयुक्त की कमान सौंपने का आदेश राज्य सरकार ने जारी किया है। श्री बांगर गुरुवार 15 नवंबर को पदभार संभालेंगे। वहीं मनपा आयुक्त वीरेन्द्र सिंह का तबादला कर उन्हें नवी मुंबई भेज दिया गया। वे नागपुर में काम करने के इच्छुक नहीं थे और पिछले 2 माह से अवकाश पर चल रहे थे। 

यह वजह बताई जा रही
मनपा आयुक्त वीरेन्द्र सिंह पारिवारिक कारणों से अवकाश पर गए तो फिर वापस ही नहीं लौटे। 20 अक्टूबर को वे नागपुर जरूर पहुंचे, लेकिन एक दिन बाद फिर मुंबई के लिए रवाना हो गए। परिवार को समय देने के लिए वे अपने कैडर को बदलकर राजस्थान कैडर करने की मांग कर रहे थे। उनका तबादला कौशल विकास व रोजगार आयुक्त नवी मुंबई के पद पर किया गया। वीरेंद्र सिंह का सत्तापक्ष से तालमेल नहीं बैठ पाया था। काफी समय से  पदाधिकारियों से विवाद चल रहा है।

सत्तापक्ष से नहीं हो पाया तालमेल
विकास कार्यों की फाइलें रोकने और अनेक खर्चों में कटौती करने से सत्तापक्ष पदाधिकारी उनसे नाराज है। उन्हें मनपा सभागृह में धार्मिक अतिक्रमण सहित अलग-अलग मुद्दों पर घेरने और अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी भी की गई। लेकिन ठीक सभा से पहले वे अन्य जरूरी कामों को लेकर मुंबई चले गए या फिर छुट्टी पर। जिससे सत्तापक्ष को मनपा सभा को भी स्थगित करना पड़ा। अधिकारी वर्ग भी उनसे खफा था। लेटलतीफी पर कुछ कर्मचारी-अधिकारियों को जब निलंबित किया तो कई उनके विरोध में उतर गए। सत्तापक्ष ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से भी की थी।

वीरेंद्र सिंह लंबे समय से छुट्टी पर होने से आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार, अतिरिक्त आयुक्त रवीन्द्र ठाकरे को सौंपा गया था, जिनके पास वनामति और मदर डेयरी की जिम्मेदारी पहले से ही थी। इसके चलते वह मनपा को समय नहीं दे पा रहे थे। आयुक्त के विषय को लेकर मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने गत सप्ताह ही आश्वासन दिया था कि जल्द ही नये आयुक्त की नियुक्ति की जाएगी। इसके बाद  यह आदेश निकाला गया। 2008 बैच के आईएएस श्री बांगर सोलापुर के मूल निवासी हैं और अमरावती में पहली बार जिलाधिकारी के रूप में 26 अप्रैल 2017 को कार्यभार संभाला था। काम करने के तरीके के कारण कुछ ही समय में वह जनता के पसंदीदा बन गए। यही वजह है कि तबादले की खबर के चलते अमरावती वासियों ने विरोध किया था।
 

Created On :   14 Nov 2018 6:24 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story