शादी के पहले लू की चपेट में आई युवती , भगवान के दर्शन कर लौटते वक्त हुई मौत  

Before marriage girl in grip of loo, died while returning temple
शादी के पहले लू की चपेट में आई युवती , भगवान के दर्शन कर लौटते वक्त हुई मौत  
शादी के पहले लू की चपेट में आई युवती , भगवान के दर्शन कर लौटते वक्त हुई मौत  

डिजिटल डेस्क,आर्णी(यवतमाल)।  शादी के पहले भगवान दर्शन के लिए जाना एक युवती की जान पर बन आया। रीतिरिवाज के चक्कर में विवाह के पहले ही युवती की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आर्णी तहसील के भंडारी जहरगीर के रहने वाले रघुनाथ शिंदे की बेटी कल्पना शिंदे का विवाह  परसोदा तालुका के रहने वाले अनिल सोलंकी के साथ तय हुआ था। 20 फरवरी को दोनों की सगाई हुई और मार्च में साखरपुड़ा किया गया। दोनों परिवारों ने दीपावली के बाद शादी करने का निर्णय लिया।  उनकी सामाजिक परंपराओं के अनुसार, लड़की का विवाह तय होने के बाद  देवी के मंदिर जाना पड़ता है।  इसलिए, 25 अप्रैल को विवाह तय करने वाले सिद्धू महाराज शिंदे, काका -काकी, दो भाइयों, दादी और  अपनी मां के साथ युवती भी कोल्हापुर  दर्शन के लिए गई। यात्रा के लिए शिंदे परिवार ने निजी वाहन किया था। भीषण गर्मी में सफर करने से कल्पना को लू लग गई।

वापस लौटते समय बीच रास्ते में ही कल्पना की तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे तुलजापुर के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद वे घर लौटने के लिए निकले। इस बीच यात्रा के दौरान ही कल्पना की तबीयत और बिगड़ने लगी। उसे  पुन: नांदेड़ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया । वहां डाक्टरों ने उसे  उपचार के लिए भर्ती किया। दूसरे दिन सुबह परिवार पुन: वाहन से घर के लिए निकला। इस बीच सुबह कल्पना की यात्रा के दौरान ही मौत हो गई। घटना से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

उल्लेखनीय है कि जहां दिन की शुरुआत ही सूरज के आग उगलने से हो रही हो और तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया हो वहां वैसे भी गर्मी में एहतियात बरतनी चाहिए लेकिन एक परिवार ने परंपरा का निर्वाह करने के लिए शादी के पहले युवती को भगवान के दर्शन के लिए लेकर गया। भीषण गर्मी युवती सह नहीं सकी और उसकी मौत हो गई।  गर्म हवा के थपेड़ों के बीच घर के बाहर निकलना  मौत को निमंत्रण देने जैसा है। इसलिए मौसम विभाग और स्वास्थ्य विभाग लू से बचने के कई सुझाव दे रहा है।

 

 

Created On :   2 May 2019 5:47 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story