भोपाल में RSS की बैठक, 'महिलाओं के शाखा में आने पर कोई विचार नहीं'

Karyakari mandal meeting of RSS begins at #Bhopal
भोपाल में RSS की बैठक, 'महिलाओं के शाखा में आने पर कोई विचार नहीं'
भोपाल में RSS की बैठक, 'महिलाओं के शाखा में आने पर कोई विचार नहीं'

डिजिटल डेस्क, भोपाल।  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार से भोपाल में शुरू हो गई। यह बैठक शारदा विहार आवासीय स्कूल में आयोजित हो रही है। बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत और सरकार्यवाह भैयाजी जोशी भी मौजूद हैं।

अमित शाह को संघ का समर्थन

बैठक के पहले ही दिन संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने बीजेपी प्रमुख अमित शाह के बेटे जय शाह का पक्ष लेते हुए कहा कि अगर जय शाह पर आरोप गंभीर हैं तभी जांच हो। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों की जांच अवश्य होनी चाहिए, लेकिन पहले आरोप लगाने वाले आरोप साबित तो करें। दत्तात्रेय के इस बयान ने साफ संकेत दे दिए हैं कि संघ अमित शाह के बेटे के पक्ष में है। उन्होंने आगे कहा कि समाज में आज हर मुद्दे पर चर्चा और संवाद की आवश्यकता है। समाज के हर नागरिक को अपनी भावनाएं व्यक्त करनी चाहिए। 

शाखा में महिलाओं के आने पर विचार नहीं

RSS ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से मीडिया में आ रही उन खबरों को गलत बताया जिनमें कहा जा रहा है कि संघ की शाखाओं में महिलाओं की एंट्री पर विचार किया जा रहा है। संघ ने साफ किया कि डॉ. मनमोहन वैद्य ने कहा था कि संघ शाखाओं में सिर्फ पुरुषों के साथ काम करता है और उनके परिवारों से जुड़ा रहता है। महिलाओं के बीच काम राष्ट्रीय सेविका समिति के माध्यम ये किया जाता है। सभी कैंपेन और प्रोग्राम्स में महिलाएं भी शामिल होती हैं, महिलाएं परिवारों में संघ के प्रति सहभागिता का माहौल तैयार करती हैं।

 

 

देश का युवा संघ में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहा है

दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि आज देश संक्रमण काल में गुजर रहा है। सबको साथ में मिलकर इस परेशानी से लड़ना होगा। मुझे यह कहने में खुशी है कि पूरा समाज संघ का समर्थन कर रहा है। उन्होंने बताया कि पूरे देश में 34700 स्थानों पर संघ की शाखा चलती हैं। 49493 स्थानों पर संघ के कार्य चलते है। भारत का युवा संघ में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहा है। Join RSS प्रोगाम के जरिए 48% युवाओं की वृद्धि हुई है। संघ में 90% युवा हैं। इस साल 71800 लोग Join RSS प्रोगाम के जरिए बढ़े हैं, 52% टेक्नोसेवी संघ से अधिक जुड़े हैं। 

यशवंत सिन्हा, जोशी बीजेपी का विषय है, संघ का नहीं

दत्तात्रेय ने कहा बीजेपी सरकार का नोटबंदी और जीएसटी का फैसला बहुत सराहनीय था, जिसे समाज के सभी लोगों ने स्वीकारा है। उन्होंने यशवंत सिन्हा, अरुण शौरी की ओर इशारा करते हुए कहा कि जिन लोगों को देश की उन्नति से परेशानी होती है, वो ही सरकार को बुरा भला कहते हैं। ये बिल्कुल भी ठीक नहीं है। बाद में उन्होंने अपना पलड़ा झाड़ते हुए कहा कि यशवंत सिन्हा, जोशी बीजेपी का विषय है, संघ का नहीं। 

"कांग्रेस और लेफ्ट देश की उन्नति नहीं चाहते"

केरल में संघ और बीजेपी के कार्यकर्ताओं की हो रही हत्याओं और हमलों पर उन्होंने कहा कि केरल में लोग वैचारिक दृष्टि से हारे हुए हैं तभी वो इस तरह की हरकतों पर उतर आए हैं। कांग्रेस और लेफ्ट पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग देश की उन्नति नहीं चाहते वो ही संघ को गाली देते हैं। 

मोहन भागवत ने किया शुभारंभ
 

बता दें कि संघ प्रमुख मोहन भागवत ने इस बैठक का शुभारंभ किया। शारदा विहार आवासीय स्कूल के गुरु गोविंद सिंह सभागार में हो रही इस बैठक में संघ के कार्य विस्तार और वर्तमान में चल रहे कार्यों की उपलब्धि का खाका खींचा जाएगा। इसके अलावा अगले 3 साल की कार्ययोजना के बिंदुओं पर भी संघ का अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल विचार करेगा।

संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डॉ. मनमोहन वैद्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बैठक में संघ के कार्य के विस्तार के साथ ही तमाम गतिविधियों के सिलसिले में सोचा जाएगा। इस बैठक में संघ के अखिल भारतीय पदाधिकारी, 11 क्षेत्रों के अधिकारी और 42 प्रांतीय प्रचारक शामिल हो रहे हैं। यह संख्या तकरीबन 300 है। इससे पहले कार्यकारी मंडल की बैठक में RSS के तमाम संगठन के पदाधिकारी भी शामिल होते थे, लेकिन इस बार परंपरा बदली है। संगठन के पदाधिकारियों की बैठक वृंदावन में हो चुकी है। संघ की भोपाल बैठक में वनवासी कल्याण आश्रम, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विश्व हिंदू परिषद, किसान संघ, विद्या भारती और बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।

रोहिंग्या मुसलमानों पर होगी चर्चा
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार को क्षेत्र प्रचारकों के साथ बैठक कर कार्यकारी मंडल की बैठक के एजेंडे को अंतिम रूप दिया। सूत्रों के मुताबिक तीन दिवसीय बैठक में RSS के पदाधिकारी रोहिंग्या मुसलमानों को भारत में शरण देने के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। इस बैठक में संघ का सबसे बड़ा एजेंडा यही रहेगा। इसके अलावा केरल में RSS कार्यकर्ताओं की हत्या पर भी बातचीत की जाएगी। 

Created On :   12 Oct 2017 4:20 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story