बिग-बी का ट्वीटर हैंडल हैक : बन गए पाक पीएम इमरान खान, पड़ताल में जुटी साइबर यूनिट

Big-Bs Twitter Handle Hack : Become Pak PM Imran Khan
बिग-बी का ट्वीटर हैंडल हैक : बन गए पाक पीएम इमरान खान, पड़ताल में जुटी साइबर यूनिट
बिग-बी का ट्वीटर हैंडल हैक : बन गए पाक पीएम इमरान खान, पड़ताल में जुटी साइबर यूनिट

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के फालोवर्स उस वक्त हैरान रह गए जब उन्होंने सोमवार देर रात उनके ट्विटर पर लव पाकिस्तान का संदेश, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान की तस्वीर और पाकिस्तानी झंडा देखा। इस तस्वीर के साथ ही भारत पर रमजान के दौरान मुसलमानों पर अत्याचार का आरोप लगाया गया था। हालांकि जल्द ही पता चल गया कि अमिताभ का ट्विटर अकाउंट हैक हो गया है। मुंबई पुलिस ने इस पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता डीसीपी मंजूनाथ सिंगे ने बताया कि ट्विटर एकाउंट हैक होने के बाद मामले की सूचना साइबर यूनिट को दी गई जिसके आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई। हैक हुए अमिताभ बच्चन के ट्विटर अकाउंट को थोड़ी देर बाद फिर से ठीक (रिस्टोर) कर दिया गया। पाकिस्तान समर्थक तुर्की के हैकरों ने अमिताभ बच्चन का अकाउंट हैक करने का दावा करते हुए उस पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान की तस्वीर लगा दी थी।

बिग-बी के ट्वीटर हैंडल हैक होने की मुंबई पुलिस ने शुरु की छानबीन

हैकर अइलदिज टिम ने हैक अकाउंट पर लव पाकिस्तान लिखकर पाकिस्तान और तुर्की का झंडा भी लगाया था। साथ ही हैकर ने अपने ग्रुप का लोगो और उड़ती हुई चील की तस्वीर भी लगाई थी। हैकर ने अपने पोस्ट में भारत सरकार पर रमजान के दौरान मुसलमानों के उत्पीड़न का भी आरोप लगाया था। हैकर ने अपने संदेश में लिखा कि पूरी दुनिया के लिए यह महत्वपूर्ण संदेश है। हम तुर्की फुटबॉलर्स की ओर से आइसलैंड रिपब्लिक के अनादरपूर्ण व्यवहार की निंदा करते हैं। हम धीमी आवाज में बोलते हैं लेकिन साथ बड़ी छड़ी रखते हैं। हम आपको बड़े साइबर हमले की जानकारी दे रहे हैं। अइलदिज टिम तुर्की साइबर आर्मी। इसके अलावा एक और संदेश लिखा गया था जिसमें रमजान के दौरान मुसलमानों पर अत्याचार का दावा किया गया था। बता दें कि अमिताभ बच्चन लगातार अपने ट्विटर एकाउंट के जरिए समर्थकों के साथ जुड़े रहते हैं और उनके 37.4 मिलियन फालोअर हैं। 

अदनान सामी का भी ट्विटर अकाउंट हैक

जिस ग्रुप ने अमिताभ बच्चन का ट्विटर अकाउंट हैक किया था उसने मंगलवार को गायक अदनान सामी का भी ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया। अदनान के ट्विटर अकाउंट पर भी पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान की तस्वीर लगा दी गई। साथ ही संदेश में लिखा गया कि जो भी हमारे दोस्त देश पाकिस्तान को धोखा देने की कोशिश करेगा पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान की तस्वीर  और पाकिस्तानी झंडा अपने प्रोफाइल पेज पर देखेगा, अइलदिज टीम। इस ट्वीट को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान को भी टैग किया गया है। यही ग्रुप इससे पहले अभिनेता अनुपम खेर और शाहिद कपूर का भी ट्विटर एकाउंट हैक कर चुका है। पाकिस्तानी मूल के सामी ने भारत की नागरिकता स्वीकार कर ली है।   
 

Created On :   11 Jun 2019 1:38 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story