बिहार: आरा में दैनिक भास्कर के दो पत्रकारों की स्कॉर्पियो से कुचल कर हत्या

बिहार: आरा में दैनिक भास्कर के दो पत्रकारों की स्कॉर्पियो से कुचल कर हत्या

डिजिटल डेस्क, आरा (पटना)। बिहार में रामनवमी जुलूस की कवरेज कर घर लौट रहे दैनिक भास्कर के पत्रकार नवीन निश्चल और उनके एक साथी की हत्या कर दी गई। पूर्व मुखिया ने स्कॉर्पियो से कुचल कर दोनों को मौत के घाट उतार दिया। नवीन निश्चल और विजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जें में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों की माने तो एक स्थानीय नेता ने बदला लेने के इरदे से यह सब कराया है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

 

 

पूर्व मुखिया ने दी थी धमकी

घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि स्कॉर्पियो में गड़हनी का पूर्व मुखिया मोहम्मद हरसू अपने बेटे के साथ था। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के पहले रविवार शाम को ही हरसू और नवीन के बीच गड़हनी बाजार में कुछ विवाद हुआ था। पूर्व मुखिया ने नवीन को अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी। बता दें कि यह घटना नहंसी पुल पर रविवार रात 8 बजे हुई। इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा मचाते हुए स्कॉर्पियो को आग के हवाले कर दिया है। पत्रकार नवीन निश्चल के बेटे ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। 

 

 

आरोपी मुखिया और बेटा फरार

आक्रोशित लोगों ने नहंसी पुल पर शवों को रख कर आरा-सासाराम स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। भोजपुर के एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि हरसू के घर पर पुलिस भेजी गई थी लेकिन, फिलहाल वारदात को अंजाम देने के बाद वह बेटे के साथ फरार है। जानकारी के अनुसार, पूर्व मुखिया का बेटा पीरो दंगे का आरोपी है, हाल ही में वह जेल से छूट कर आया है।

 

बता दें कि पत्रकारों पर हमले बढ़ते जा रहे हैं, बिहार में पहले भी पत्रकारों की हत्या की जा चुकी हैं। इनमें पत्रकार राजदेव रंजन, समस्तीपुर के बृजकिशोर कुमार जैसे पत्रकारों की हत्या शामिल है। 


 

Created On :   26 March 2018 2:14 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story