बिहार : सामूहिक दुष्कर्म मामले पर विपक्ष बिफरा

Bihar: Opposition angry over gang rape case
बिहार : सामूहिक दुष्कर्म मामले पर विपक्ष बिफरा
बिहार : सामूहिक दुष्कर्म मामले पर विपक्ष बिफरा

बेतिया, 16 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया शहर के एक मोहल्ले में एक लड़की के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा। वहीं, पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस के मुताबिक, बेतिया की रहने वाली पीड़िता का आरोप है कि शुक्रवार की रात वह अपने पड़ोस में किसी परिचित के घर जा रही थी। इसी दौरान एक कार में सवार चार युवकों ने उसे गाड़ी के अंदर खींच लिया। सभी युवक अपना चेहरा नकाब से ढके हुए थे। चारों युवकों ने चलती गाड़ी में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, उसके बाद उसे उसके मोहल्ले में लाकर छोड़ दिया।

पश्चिम चंपाारण के पुलिस अधीक्षक जयंतकांत ने सोमवार को बताया कि पीड़िता को इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के बयान पर महिला थाने में सामूहिक दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों में दो सगे भाई हैं। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों की टीम ने पीड़िता की जांच की है, रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पीड़िता मुजफ्फरपुर के बालिका आवास गृह में भी रह चुकी है, जहां पिछले साल 34 लड़कियों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आने पर राज्य सरकार ने जुलाई में इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी थी।

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने इस मामले को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधा है।

तेजस्वी ने ट्वीट किया, सुशासनी अहंकार का चीरहरण कर मुजफ्फरपुर बालिका गृह जनदुष्कर्म कांड में पीड़ित युवती का चलती गाड़ी में गुंडों ने फिर किया सामूहिक दुष्कर्म। इतना वीभत्स कांड होने के बाद भी सरकार सोती रही और फिर पीड़िता का दुष्कर्म हो गया। बिहार में अपराधी, दुष्कर्मी, भ्रष्टाचारी तांडव कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जवाब दें।

इस बीच, पटना में अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) जितेंद्र कुमार ने दावा किया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है, उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस की कोशिश त्वरित सुनवाई कर दोषियों को सजा दिलाने की रहेगी।

Created On :   16 Sep 2019 12:30 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story