रोजी-रोटी के लिए ये महिला रोज करती है मशक्कत, अब BJD ने दिया लोकसभा का टिकट

BJD gave lok sabha ticket to a very poor woman, working for children
रोजी-रोटी के लिए ये महिला रोज करती है मशक्कत, अब BJD ने दिया लोकसभा का टिकट
रोजी-रोटी के लिए ये महिला रोज करती है मशक्कत, अब BJD ने दिया लोकसभा का टिकट

डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। ओडिशा के गंजम जिले के नालाबंता की रहने वालीं प्रमिला बिसोई को बीजू जनता दल (BJD) ने अस्का लोकसभा चुनाव से टिकट दिया है। बेहद गरीब परिस्थिति से आने वालीं प्रमिला एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जो खासतौर पर महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए पिछले 18 वर्षों से काम कर रही हैं। वो सेल्फ हेल्प ग्रुप नामक संगठन चलाती हैं। सोमवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजद चीफ नवीन पटनायक ने इसका ऐलान किया।

नवीन पटनायक ने कहा कि हमने 18 साल पहले महिलाओं के उत्थान के लिए मिशन शक्ति लांच किया था, हम अपने उस ध्येय पर ही आगे बढ़ रहे हैं। अभियान का फायदा अब तक प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को मिल चुका है। उन्होंने कहा कि ये भी अजीब संयोग है कि आज से 20 साल पहले मैंने भी इस क्षेत्र से ही चुनाव लड़कर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी।

कौन हैं प्रमिला बिसोई?
प्रमिला जमीनी स्तर पर रहकर काम करने वाली कार्यकर्ता हैं। उनका संगठन चिरमरी उच्च माध्यमिक विद्यालय के बच्चों को मध्यान्ह भोज भी उपलब्ध करता हैं। खेती करने के लिए उनके पास महज 1 एकड़ जमीन है, जिससे उनका गुजारा चलता है। उनका बड़ा बेटा दिलीप चाय बेचता है, जबकि छोटे बेटे रंजन की मोटरसाइकल सुधारने की दुकान है। उनकी दो बेटियां रुनु और सुलाता हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। प्रमिला का परिवार धान और रागी की खेती करता है। सब मिलाकर उनका परिवार 10 से 12 हजार रुपए महीने कमा लेता है। उनके प्रयासों की बदौलत ही प्रमिला का गांव खुले में शौच से मुक्त हो चुका है। वो पर्यावरण संरक्षण के लिए भी काम करती हैं। प्रमिला कविता पाठ भी करती हैं।

54 सीटों पर BJD के उम्मीदवार घोषित
बता दें कि ओडिशा में लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी नजदीक हैं, इसे देखते हुए ही बीजू जनता दल ने सोमवार को अपने 54 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस छोड़कर बीजद की सदस्यता लेने वाले चंद्रशेखर साहू को बरहामपुर लोकसभा क्षेत्र से टिकट मिला है। पूर्व राज्यमंत्री पुष्पेंद्र सिंह देव को कालाहांडी से मैदान में उतारा गया है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक बरगढ़ जिले के बीजापुर और गंजम जिले के हिंजिली से चुनाव लड़ेंगे, पिछले चार बार से पटनायक ओडिशा के मुख्यमंत्री हैं।

 

 

 

Created On :   18 March 2019 4:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story