विदर्भ के साथ विश्वासघात करने का भाजपा को मिला सबक

BJP got a lesson to betray on Vidarbha issue
विदर्भ के साथ विश्वासघात करने का भाजपा को मिला सबक
विदर्भ के साथ विश्वासघात करने का भाजपा को मिला सबक

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधानसभा चुनाव में भाजपा को विदर्भ से 2014 की तुलना में 2019 में सीटें कम मिलने को लेकर विदर्भवादियों ने निशाना साधा है। उन्हें सरकार को घेरने का मौका मिल गया है। विदर्भ राज्य आंदोलन समिति के मुख्य संयोजक राम नेवले ने कहा कि, पृथक विदर्भ की मांग पर भाजपा द्वारा किए गए विश्वासघात के कारण भाजपा को यह झटका लगा है। भाजपा को इन नतीजों से सबक लेना चाहिए। विदर्भ राज्य आंदोलन समिति स्वतंत्र विदर्भ की मांग को लेकर एक बार फिर आंदोलन तेज करेगी। भाजपा की केंद्र सरकार ने विदर्भ राज्य का त्वरित गठन करना चाहिए। अन्यथा अगले चुनाव में भाजपा का संपूर्ण विदर्भ में सफाया हुए बिना नहीं रहेगा। गौरतलब है कि, वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को विदर्भ से 44 सीटें मिली थीं। इस चुनाव में सीटें घटकर 29 पर आ गईं। समिति के मुख्य संयोजक नेवले ने कहा कि, भाजपा ने 2014 के पहले विदर्भ के लिए बड़े पैमाने पर आंदोलन किए थे। चुनाव में स्वतंत्र विदर्भ बनाने का वादा किया था। शपथपत्र पर लिखकर स्वतंत्र विदर्भ देने का वादा किया था, इसलिए जनता ने उन्हें साथ दिया था। ऐसे में 123 सीटों में से 44 सीटें विदर्भ से मिलीं, लेकिन सत्ता मिलते ही भाजपा ने विदर्भ की जनता को धोखा दिया। विदर्भ के मुद्दे को नजरअंदाज किया। विदर्भ की जनता को भाजपा को सबक सिखाया। विदर्भ के अलावा किसानों के प्रश्न, बेरोजगारी, आर्थिक मंदी के प्रश्नों पर भी भाजपा ने ध्यान नहीं दिया। राम नेवले ने कहा कि, इस विश्वासघात के कारण विदर्भ राज्य आंदोलन समिति ने भाजपा के खिलाफ पांच साल में वातावरण तैयार किया। पांच साल विदर्भ बाबत जनता में जनजागृति की। उसका फायदा िवदर्भवादियों को चुनाव में नहीं हुआ, लेकिन भाजपा की 15 सीटें विदर्भ से कम करने के लिए विदर्भ का मुद्दा अहम् साबित हुआ। अब भी यही रूख रहा तो वे विदर्भ से बाहर हो जाएंगे।

बुटीबोरी में निकली समीर मेघे की विजयी रैली

उधर हिंगना विधानसभा क्षेत्र से भारी मतों से विजयी समीर मेघे का विजय जुलूस निकाला गया। बुटीबोरी के नगराध्यक्ष बबलू गौतम और भाजपा पदाधिकारियों ने समीर मेघे का स्वागत किया। पुलिस स्टेशन चौक में रैली का समापन हुआ। बैंड-बाजे, ढोल-ताशे की गूंज के बीच गुलाल उड़ाते और आतिशबाजी करते हुए कार्यकर्ता काफी जोश में दिखाई दे रहे थे। इस अवसर पर अविनाश गुर्जर, आकाश वानखेड़े, विनोद लोहकरे, प्रवीण शर्मा, अनीस बावला, दिलावर खान, मुन्ना जायस्वाल, शफी भाई शेख, मंगेश आंबटकर, दीपक गुर्जर, समीर जायस्वाल, प्रशांत डाहुले, सरफराज शेख, कुदरत सैयद, अज्जू शेख, परवेज शेख, सन्नी चौहान सहित सभी नगरसेवक, नगरसेविका और बडी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

विकास ठाकरे का सत्कार

शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे पश्चिम नागपुर विधानसभा क्षेत्र से भारी मतों से विजयी होने पर उनका नागपुर शहर कांग्रेस के महासचिव शंकर सुगंध, राजू कुथे, भास्कर चापले, शरद तुर्के आदि द्वारा पुष्पगुच्छ देकर सत्कार किया गया। इस अवसर पर सत्कार मूर्ति विकास ठाकरे ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, मुझे चुनाव में विजय कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत एवं लगन से मिली है। यह जीत मेरे पश्चिम नागपुर की जनता के आशीर्वाद से मुझे हासिल हुई है। नागपुर शहर की जनता को कोई भी सरकारी काम में रुकावटें आती हैं तो मैं उसे पूरा करने की पूरी कोशिश करूंगा। 

Created On :   27 Oct 2019 12:07 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story