दिग्विजय सिंह की उंगलियों और मुंह में गुप्तरोग- गोपाल भार्गव

दिग्विजय सिंह की उंगलियों और मुंह में गुप्तरोग- गोपाल भार्गव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले को कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा दुर्घटना करार दिए जाने के बाद से बीजेपी नेता उन पर हमला कर रहे हैं। अब मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता-प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने दिग्विजय सिंह पर हमला बोला है। हालांकि इस चक्कर में भाषा की मर्यादा भूल बैठे और विवादित बोल बोल गए। गोपाल भार्गव का कहना है कि दिग्विजय सिंह की उंगलियों और मुंह में गुप्तरोग हो गया है। 
 

'देश के खिलाफ बोले बिना खाना नसीब नहीं होता'
दरअसल नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव मध्य प्रदेश में सागर जिले के बामोरा गांव में आयोजित संयोजक पालक कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने 'पुलवामा दुर्घटना' वाले ट्वीट को लेकर दिग्विजय सिंह पर जमकर तंज कसा। गोपाल भार्गव ने कहा, 'उनकी उंगलियों और मुंह में एक गुप्तरोग है। जब तक वो अपनी उंगलियां नहीं चला लेते मोबाइल पर, जब तक अपने मुंह से कुछ देश के खिलाफ बयान नहीं दे देते, तब तक दिग्विजय सिंह को भोजन नसीब नहीं होता है।' 
 


गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए पुलवामा आतंकी हमले को दुर्घटना करार दिया था। इतना ही नहीं विवादों में घिरने के बाद भी वो अपने बयान पर अडिग हैं। उन्होंने मोदी सरकार को खुली चुनौती भी दी थी कि, पुलवामा आतंकी हमले को दुर्घटना कहने को लेकर जिसमें साहस हो वह उनके ऊपर मुकदमा दर्ज कराए। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया था कि, पुलवामा दुर्घटना के बाद हमारी वायु सेना द्वारा की गयी Air Strike के बाद कुछ विदेशी मीडिया में संदेह पैदा किया जा रहा है जिससे हमारी भारत सरकार की विश्वसनीयता पर भी प्रश्न चिन्ह लग रहा है।
 


इस ट्वीट के बाद से दिग्विजय सिंह बीजेपी के निशाने पर हैं, लेकिन कांग्रेस नेता ने भी हार नहीं मानी। विपक्ष की तरफ से कई आरोप लगाए जाने के बाद दिग्विजय सिंह ने फिर ट्वीट किया और मोदी सरकार को खुली चुनौती दी। उन्होंने लिखा, मेरे जिस ट्वीट पर आप और आपके मंत्री गण मुझे पाकिस्तान समर्थक मानते और देशद्रोही मानते हैं। वह मैंने दिल्ली से किया था जहां की पुलिस केंद्र सरकार के अंतर्गत आती है। अगर आप में साहस है तो मेरे ऊपर मुकदमा दायर करें।
 

 

Created On :   8 March 2019 3:29 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story