भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मार्तण्ड त्रिपाठी ने खुद को गोली मारी, सुसाइड नोट में हुआ खुलासा

BJP leader martand tripathi shoot himself in shahdol mp
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मार्तण्ड त्रिपाठी ने खुद को गोली मारी, सुसाइड नोट में हुआ खुलासा
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मार्तण्ड त्रिपाठी ने खुद को गोली मारी, सुसाइड नोट में हुआ खुलासा

डिजिटल डेस्क, शहडोल। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष 58 वर्षीय मार्तण्ड त्रिपाठी चुन्ना भैया ने स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। थाना सोहागपुर अंतर्गत वार्ड नंबर 25 स्थित अपने निवास में रविवार की दोपहर करीब 2.45 बजे उन्होंने अपने लायसेंसी 315 बोर की रायफल से गोली मार ली। जिस कमरे में उनकी लाश मिली वहीं पर पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। दो लाइन के सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं अपनी स्वेच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं।

घटना की सूचना मिलते ही उनके निवास पर भाजपा सहित सभी दलों के नेताओं व नागरिकों का तांता लग गया। विधायक प्रमिला सिंह, जय सिंह मरावी के साथ ही डीआईजी पीएस उइके, एसपी कुमार सौरभ व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। FSL विशेषज्ञ डॉ. एसपी सिंह ने कमरे का मुआयना किया और बारीकी से जायजा लिया। इसके बाद शाम 5 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। देर शाम तक उनके निवास पर लोगों का आना जाना लगा रहा। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल को भी तैनात किया गया।

कमरे की छत, दीवार पर बिखरा खून
मार्तण्ड त्रिपाठी ने अपने ही कमरे में स्वयं को गोली मारी। पलंग पर उनकी लाश पड़ी थी तथा कमरे की दीवार, छत व पंखे पर खून के छींटे मिले। बंदूक पलंग से नीचे गिरी पड़ी थी। संभावना है कि उन्होंने पलंग पर लेट कर बंदूक की नाल को ढोड़ी के नीचे लगाकर पैर के अंगूठे से ट्रेगर दबा दिया। FSL डॉ. सिंह का मानना है कि गोली लगते ही उनकी मौत हो गई होगी। उठने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने बंदूक व गोली का खाली खोका बरामद किया है।

गणेश पूजा के बाद गए थे भीतर
आस पड़ोस के लोगों ने बताया कि घटना के कुछ ही देर पहले चुन्ना भैया ने गणेश पूजा की थी। मोहल्ले में रखी प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाने के पूर्व उन्होंने पूजा की। फिर घर चले गए। कुछ लोगों ने अचानक उनके घर के भीतर से गोली चलने की आवाज सुनी। जाकर देखा तो घर में उस समय उनकी पत्नी भर थीं। कमरे में देखा कि खून से लथपथ उनकी लाश पलंग पर पड़ी हुई है। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सबसे लंबे समय तक रहे जिलाध्यक्ष
दिवंगत मार्तण्ड त्रिपाठी सबसे लंबे समय तक 6 वर्ष के लिए भाजपा के जिलाध्यक्ष पद पर रहे। वर्तमान में वे प्रदेश भाजपा कार्यसमिति के सदस्य व विधानसभा चुनाव के प्रभारी रहे। वे वर्ष 2010 से 2016 तक लगातार जिलाध्यक्ष रहे। वर्तमान जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा ने घटना पर दु:ख जताते हुए कहा कि पार्टी ने एक कर्मण्ठ व निष्ठावान कार्यकर्ता खो दिया है।

इनका कहना है
अपनी सर्विस रायफल से उन्होंने स्वयं को गोली मारी है। कमरे से सुसाइड नोट मिला है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
विकास सिंह थाना प्रभारी सोहागपुर

Created On :   24 Sep 2018 8:46 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story