मोहन भागवत से मिले मुरली मनोहर जोशी, मीटिंग से मची हलचल

bjp leader Murli Manohar Joshi meets Mohan Bhagwat in nagpur
मोहन भागवत से मिले मुरली मनोहर जोशी, मीटिंग से मची हलचल
मोहन भागवत से मिले मुरली मनोहर जोशी, मीटिंग से मची हलचल

डिजिटल डेस्क,नागपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत से संघ मुख्यालय में करीब डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में चर्चा की। चर्चा के विषयों  का खुलासा नहीं हो पाया, लेकिन इसे यशवंत सिन्हा, शत्रुघ्न सिन्हा द्वारा गठित राष्ट्र मंच से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा सरकार के खिलाफ खुलकर सामने आना पार्टी में हलचलें पैदा कर रहा है। मुरली मनोहर जोशी की मुलाकात को भी इस परिदृश्य में देखा जा रहा है। 

मीडिया से बचते रहे
जोशी एक दिन पहले ही नागपुर पहुंचे थे। रात में एक बड़े होटल में विश्राम के बाद वे  रेशमबाग स्थित स्मृति मंदिर में चल रही संघ शाखा में शामिल हुए। इसके बाद करीब 11 बजे वे संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत से मुलाकात करने संघ मुख्यालय पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे तक संघ मुख्यालय में बंद द्वार चर्चा हुई। बाहर निकलने पर संवाददाताओं ने बात करने की कोशिश की, लेकिन वे बचते रहे। सीधे कार में बैठकर होटल की ओर रवाना हो गए। इस दौरान राज्यसभा सदस्य अजय संचेती सहित भाजपा के अन्य कुछ नेताओं ने भी उनसे मुलाकात की। दोपहर बाद 3.30 बजे वे नागपुर विमानतल की ओर रवाना हो गए। 5 बजे विमान से उन्होंने दिल्ली के लिए उड़ान भरी।  

भाजपा में असंतुष्टों ने पैदा की हलचल
पिछले कुछ समय से पूर्व मंत्री यशवंत सिन्हा, शत्रुघ्न सिन्हा का सरकार के खिलाफ खुलकर बोलना और अब राष्ट्र मंच का गठन कर देशभर के असंतुष्ट नेताओं को जोड़ने की मुहिम चलाने से भाजपा और संघ में खलबली मची है। इसके पहले नाना पटोले भी पार्टी को राम-राम कर चुके हैं। जोशी की चर्चा को इसी नजरिये से देखा जा रहा है। संघ भी इसे लेकर चौकन्ना है। खबर है कि श्री जोशी ने पार्टी में उभर रहे असंतोष और वरिष्ठ नेताओं की हो रही अनदेखी को भी संघ के सामने रखा है।


 

Created On :   1 Feb 2018 6:06 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story