भाजपा नेता के विवादित बोल - झांसी की रानी नहीं, पूतना है ममता बनर्जी

भाजपा नेता के विवादित बोल - झांसी की रानी नहीं, पूतना है ममता बनर्जी
हाईलाइट
  • केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ममता की तुलना उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग से की।
  • गिरिराज सिंह ने कहा कि - पूतना है ममता।
  • झांसी की रानी से ममता बनर्जी की तुलना किए जाने से गिरिराज सिंह बौखला गए।

डिजिटल डेस्क, पटना। अपने विवादित बयानों से हमेशा चर्चा में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने फिर एक बार अपने बयान से बखेड़ा कर दिया है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पूतना बता दिया। यह बयान सिंह ने तृणमूल कांग्रेस द्वारा ममता को झांसी की रानी बताए जाने पर दिया है। सिंह ने कहा कि ममता को झांसी की रानी कहना रानी लक्ष्मी बाई का अपमान है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि जो देश को तोड़ने की बात करता है, वो रानी लक्ष्मी बाई नहीं हो सकती। ममता रोहिंग्या मुसलमानों और घुसपैठियों का समर्थन करती हैं, भारत को तोड़ने की बात करती हैं, वो कैसे झांसी की रानी हो सकती हैं। इतना ही नहीं गिरिराज सिंह ने ममता की तुलना उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग से कर दी। सिंह ने कहा कि ठीक किम जोंग की तरह ममता अपने खिलाफ बोलने वालों का कत्ल करा सकती हैं। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि ममता ने पूरे बंगाल को तबाह कर रखा है। बता दें कि गिरिराज सिंह ने इससे पहले ममता को सुपर नौटंकी मास्टर बताया था।

गौरतलब है कि कोलकाता में शारदा चिटफंड मामला जोरों पर है। मामले की सीबीआई जांच के विरोध में धरने पर बैठी ममता के साथ पुलिस कमिश्नर और कई अन्य अफसर भी शामिल हुए थे। ममता ने आरोप लगाया था कि सीबीआई जांच प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के कहने पर हो रही है। धरने पर बैठे पुलिस अफसरों के खिलाफ केंद्र सरकार ने सभी के मेडल्स वापस लेने की बात कही है। सरकर पर जवाबी हमला करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि यदि तमगे छीने जाएंगे तो हम उन्हें पश्चिम बंगाल का सर्वोच्च सम्मान देंगे।

Created On :   8 Feb 2019 2:30 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story