भाजपा की माइक्रो प्लॉनिंग, प्रचार के लिए पहुंचेंगे लव स्पॉट

Bjp loksabha election micro planning,party workers reach love spot for promotion
भाजपा की माइक्रो प्लॉनिंग, प्रचार के लिए पहुंचेंगे लव स्पॉट
भाजपा की माइक्रो प्लॉनिंग, प्रचार के लिए पहुंचेंगे लव स्पॉट

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के साथ ही शहर भाजपा चुनाव प्रचार के कार्य में जुट गई है। चुनाव कार्य के लिए लगभग 29 प्रमुख नियुक्तियां की गई हैं। विधायक सुधाकर देशमुख को चुनाव प्रमुख बनाया गया है। शहर अध्यक्ष सुधाकर कोहले संयोजक रहेंगे। युवा मतदाताओं की संख्या को देखते हुए युवा मोर्चा ने विशेष प्लानिंग की है। हर स्तर पर युवाओं से संवाद साधने की याेजना है। 25 मार्च को नितीन गडकरी भाजपा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन फार्म भरेंगे। लिहाजा पहले ही दिन बड़ी रैली निकालकर भाजपा की ओर से शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी चल रही है।

पार्टी के शहर कार्यालय में विधायकों व अन्य पदाधिकारियों की समन्वय बैठक में विविध निर्णय लिए गए हैं। इसी दिन मुंबई में भी प्रदेश स्तर की समन्वय बैठक हुई। उसमें शहर भाजपा की कोर कमेटी के पदाधिकारियों के अलावा अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। बताया जा रहा है कि, दो दिन तक समन्वय बैठक का दौर चलेगा। उसके बाद सीधे प्रचार कार्य शुरू हो जाएगा।

भाजपा ने प्रचार कार्य के लिए जो योजना बनायी है उसमें विधानसभा क्षेत्र स्तर से मॉनिटरिंग की जाएगी। संयोजक, प्रमुख के अलावा 4 सह प्रमुख नियुक्त किए गए हैं। सह प्रमुखों में प्रवीण दटके, संदीप जोशी, राजेश बागड़ी शामिल हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से समन्वय के लिए भी पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक, झोपड़पट्टी आघाड़ी, महिला आघाड़ी सहित अन्य प्रकोष्ठों को भी चुनाव कार्य की जिम्मेदारी दी गई है। 

युवा मोर्चा ने भी ली समन्वय बैठक
चुनाव के दौरान माहौल बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। लिहाजा युवाओं के बीच प्रचार के लिए युवा मोर्चा ने भी समन्वय बैठक ली है। शहर अध्यक्ष शिवाणी दाणी व महामंत्री जीतेंद्र ठाकुर के साथ पदाधिकारियों ने चुनाव कार्य की माइक्रो प्लानिंग की है। बताया जा रहा है कि युवा मोर्चा की ओर से एक प्रचार रथ प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र में घूमेगा। कॉलेज, ट्यूशन क्लासेस परिसर में प्रचार के लिए 50-50 युवाओं की टीम रहेगी। इसके अलावा बाजार मॉल, पिकनिक स्पॉट, गार्डन, लव स्पॉट पर युवाओं से संपर्क के लिए अलग से टीम रहेगी। ऐसे युवा भी भाजपा के प्रचार कार्य में शामिल रहेंगे जो न तो राजनीति में हैं और न ही भाजपा के कार्यकर्ता हैं। मार्निंग वॉक के दौरान भी युवाओं से संपर्क साधने की योजना बनायी गई है। 

कल होगी महत्वपूर्ण बैठक
बुधवार को नितीन गडकरी विधायकों व अन्य पदाधिकारियों के साथ मिलकर चुनाव कार्य के संबंध में चर्चा करेंगे। इस बैठक के लिए सभी प्रमुख पदाधिकारियों को तैयारी के साथ आने को कहा गया है। नगरसेवकों के साथ भी अलग से बैठक होने वाली है। 
 

Created On :   12 March 2019 7:26 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story