यूपी बीजेपी विधायक का दावा- विकास के दम पर जीतेंगे लोकसभा चुनाव

यूपी बीजेपी विधायक का दावा- विकास के दम पर जीतेंगे लोकसभा चुनाव
यूपी बीजेपी विधायक का दावा- विकास के दम पर जीतेंगे लोकसभा चुनाव

डिजिटल डेस्क, मुंबई। हमारी पार्टी जातिवादी की राजनीति में विश्वास नहीं रखती। केंद्र व राज्य सरकार के विकास कार्यों पर हमें पूरा भरोसा है। हम विकास कार्यों के दम पर आगामी लोकसभा चुनाव में भारी जीत हासिल करेंगे। इस तरह का दावा उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक डॉ हरेंद्र सिंह ने किया। मुंबई दौरे पर आए सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सपा-बसपा गठबंधन को लेकर भाजपा चिंतित नहीं है।

मोदी और योगी पर पूरा भरोसा

यूपी की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की विकासपरक नीतियों पर पूरा भरोसा है। प्रदेश की जनता को विकास भा रहा है। हमारे लिए अच्छी बात यह है कि चार सालों में केंद्र सरकार और डेढ़ वर्षों में राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य जमीन पर दिखाई दे रहे हैं।  उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की जफराबाद सीट से भाजपा विधायक डा सिंह ने कहा कि डेढ़ वर्षों में हमारी सरकार ने प्रदेश में 1 करोड़ 63 लाख शौचालय बनवाए हैं।

कहा- भ्रष्टाचार पर लगी लगाम

हर घर तक बिजली पहुंचाने का काम चल रहा है। 15 वर्षों में किसानें से जितना गेंहू नहीं खरीदा गया, उससे ज्यादा सिर्फ डेढ़ वर्षों में खरीद की गई है। समर्थन मूल्य पर किसानों से उनका अनाज खरीदने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। सिर्फ जौनपुर जिले में ही 63 लाख टन गेंहू की खरीद हुई है। अयोध्या में राम मंदिर के सवाल पर भाजपा विधायक ने कहा कि राम मंदिर राजनीति नहीं आस्था का विषय है। हर हिंदुस्तानी चाहता है कि राम जन्मभूमि पर श्री राम का भव्य मंदिर बने। उन्होंने दावा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार समाप्त करने में सफल रही है। आवास बनाने के लिए लाभार्थी के बैंक खाते में 1 लाख 35 हजार 600 रुपए की पूरी रकम आरटीजीएस के माध्यम से भेज दी जाती है। कमिशनखोरी पूरी तरह से बंद हो गई है।  
 

Created On :   20 Oct 2018 2:36 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story