गांधी टोपी लगाकर अब बापू के भजन गा रहे भाजपा सांसद!

BJP MP now singing Bapus bhajan with Gandhi cap on!
गांधी टोपी लगाकर अब बापू के भजन गा रहे भाजपा सांसद!
गांधी टोपी लगाकर अब बापू के भजन गा रहे भाजपा सांसद!

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की मौजूदा समय में देश भर में चल रही गांधी संकल्प यात्रा के दौरान पार्टी सांसद, विधायक, एमएलसी, जिलाध्यक्ष और अन्य नेता गांधी टोपी लगाकर सुबह बापू के भजन गा रहे हैं और साथ ही मोहम्मद रफी के गाए गीत सुनो सुनो ऐ दुनिया वालों, बापू की यह अमर कहानी को भी गुनगुना रहे हैं। भाजपा ने बापू के सिद्धांतों को आम जन तक पहुंचाने के लिए दो अक्टूबर से शुरू इस पदयात्रा में शामिल कुल 3229 नेताओं को ऐसा करने के लिए खास फरमान जारी किया है।

गांधी संकल्प यात्रा के दौरान खादी के कपड़े और खादी बैग लेकर चलना अनिवार्य है।

इस पूरे अभियान की जिम्मेदारी पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के नेतृत्व वाली आठ सदस्यीय टीम को सौंपी है। टीम में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी शामिल हैं।

पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने यहां भाजपा मुख्यालय में आईएएनएस से कहा, बापू के प्रिय भजन वैष्णव जन, रघुपति राघव राजाराम..सबको सन्मति दे भगवान.. का यात्रा के दौरान प्रमुखता से गायन किए जाने का पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश है। भाजपा गांधी के आदशरें पर चलने वाली पार्टी है। यात्रा में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से गांधी जी के कार्यों और उनके जीवन जीने के तरीकों के बारे में बताकर लोगों को उनके आदशरें पर चलने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

गांधी संकल्प यात्रा के तहत सांसदों को 15 दिनों में डेढ़ सौ किमी पदयात्रा करनी है। सांसदों-विधायकों को हर दिन छह से आठ गांव कवर करने हैं। 31 अक्टूबर तक प्रत्येक दिन पांच से दस किलोमीटर की यात्रा करनी है।

आईएएनएस के पास मौजूद कार्यक्रम विवरण के मुताबिक, सुबह आठ से नौ बजे पहले गांव से यात्रा की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रार्थना व भजन के साथ होगी। इसके बाद गांव में नाश्ता, फिर सुबह नौ से 11 बजे के बीच दूसरे और तीसरे गांव में पार्टी के सांसद-विधायक चाय पर चर्चा करेंगे। उसके बाद दोपहर 12 बजे चौथे गांव में सामाजिक समरसता सभा होगी। अपराह्न् दो बजे तक भोजन विश्राम, और दो से पांच बजे के बीच पांचवें, छठे और सातवें गांव की यात्रा और फिर शाम छह बजे आठवें गांव में प्रार्थना के बाद रात्रि विश्राम।

गौरतलब है कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर भाजपा ने बीते दो अक्टूबर से गांधी संकल्प यात्रा शुरू की है। यह अभियान यूं तो 30 जनवरी, 2020 तक चलेगा, मगर पदयात्रा 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के दिन तक चलेगी।

Created On :   9 Oct 2019 3:30 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story