भाजपा नेता ने महिला थाना प्रभारी से की मारपीट, मामला दर्ज कर भेजा गया जेल

BJP politician badly beats a lady police sub inspector on road
भाजपा नेता ने महिला थाना प्रभारी से की मारपीट, मामला दर्ज कर भेजा गया जेल
भाजपा नेता ने महिला थाना प्रभारी से की मारपीट, मामला दर्ज कर भेजा गया जेल

डिजिटल डेस्क, टीकमगढ़। मुख्यमंत्री प्रदेश की मां को बहन और बेटी की भांजी कहते नहीं थकते, लेकिन सत्ताधारी दल के संगठन पदाधिकारियों बेटियों से बदसलूकी पर उतारू हैं। यह हम नहीं कहते, बल्कि लिधौरा में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष द्वारा महिला सब इंस्पेक्टर के साथ की गई अभद्रता इस बात की बानगी पेश कर रही है। आखिर सब इंस्पेक्टर भी तो किसी की बेटी है। जिसके साथ अभद्रता पर संगठन ने आरोपी अध्यक्ष के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया। जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ऐसे में संगठन की चुप्पी तमाम आशंकाओं को बल दे रही है।

यह है मामला
लिधौरा थाना प्रभारी एसआई अनुमेहा दुबे द्वारा पुलिस बल के साथ वाहन चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मोबाइल पर बात करते समय बाइक चलाते हुए भाजपा युवा मोर्चा लिधौरा मंडल अध्यक्ष मुनेंद्र सिंह सेंगर ने एक छोटी बच्ची को टक्कर मार दी। घटना को लेकर जब थाना प्रभारी ने मंडल अध्यक्ष को समझाईश दी तो वह गाली-गलौच करने लगा। थाना प्रभारी अनुमेहा दुबे ने जब इसका विरोध किया तो मुनेंद्र ने थाना प्रभारी की कॉलर पकड़कर खींची और लात मार दी। इसके बाद मारपीट कर दी।

लिधौरा थाना प्रभारी एसआई अनुमेहा दुबे के साथ गाली-गलौच और मारपीट करने वाले भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मुनेन्द्र सिंह सेंगर को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सत्ताधारी दल भाजपा का पदाधिकारी होने के कारण विवाद के बाद शुरुआती तौर पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसका एक कारण लिधौरा थाना प्रभारी अनुमेहा दुबे का स्वयं फरियादी होना भी बताया जा रहा है। मामला संज्ञान में आने के बाद गत दिवस देर शाम पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक ने जतारा एसडीओपी को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जिसके बाद पुलिस ने मुनेंद्र सिंह के विरुद्ध धारा 186, 332, 294, 506, 353, 354ए आईपीसी के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया था। जिसे मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया।

307 का आरोपी है मंडल अध्यक्ष मुनेंद्र
आधिकारिक पुलिस सूत्रों के अनुसार मुनेंद्र सिंह पहले से आपराधिक प्रवृत्तियों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध पुलिस थाने में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वर्ष 2012 में मुनेंद्र सिंह ने बंदूक से फायर कर जान लेवा हमला किया था। जिसके कारण उसके विरुद्ध धारा 307 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध है। इसी तरह वर्ष 2017 में उसके खिलाफ धारा 327 में केस दर्ज है। धारा 151 में पहले मुनेंद्र की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। अब भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रहते महिला एसआई के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया है।

इनका कहना है
पुलिस अधिकारी से बदसलूकी करने पर मुनेंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एसपी के निर्देशन में उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल भेजा गया है।
सुरेंद्र कुमार जैन, एएसपी टीकमगढ़

मैं अभी बाहर हूं। लिधौरा के घटनाक्रम की जानकारी सुनने में आई है। आज देरशाम टीकमगढ़ पहुंच जाऊंगा। संगठन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. राहुल तिवारी, अध्यक्ष युवा मोर्चा

 

Created On :   3 July 2018 11:16 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story