त्रिपुरा में गिरेगी कम्यूनिस्ट सरकार, बीजेपी के हाथ में आएगी सत्ता : सर्वे

BJP will form government in Tripura : Opinion poll
त्रिपुरा में गिरेगी कम्यूनिस्ट सरकार, बीजेपी के हाथ में आएगी सत्ता : सर्वे
त्रिपुरा में गिरेगी कम्यूनिस्ट सरकार, बीजेपी के हाथ में आएगी सत्ता : सर्वे

डिजिटल डेस्क, अगरतला। अरुणाचल, असम और मणिपुर के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) एक और नॉर्थ ईस्ट राज्य में सरकार बना सकती है। यह राज्य है त्रिपुरा। त्रिपुरा में पिछले 25 सालों से कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्क्सवादी (CPI-M) की सरकार है। यहां 18 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं। 60 सदस्यीय इस विधानसभा में इस बार बीजेपी अपने गठबंधन दल IPFT के साथ स्पष्ट बहुमत लाते हुए नजर आ रही है। मंगलवार को जारी हुए न्यूज एक्स टेलिविजन चैनल के ओपिनियन पोल में यह बात कही गई है।

ओपिनियन पोल के अनुसार, त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में BJP और IPFT गठबंधन को 31 से 37 सीटें मिल सकती हैं जबकि CPI-M को 23 से 29 सीटें हासिल हो सकती हैं। यह ओपिनियन पोल कांग्रेस के लिए निराशा देने वाला रहा है। इसमें कांग्रेस और अन्य दलों को एक भी सीट न मिलने का अनुमान जताया गया है।

सर्वे के मुताबिक राज्य में BJP को तेजी से लोकप्रियता मिली है और सत्ताविरोधी लहर का पूरा फायदा BJP को मिल सकता है। पिछले 25 सालों से यहां कांग्रेस विपक्ष की भूमिका में रहा है। बीजेपी को यहां कभी किसी सीट पर जीत हासिल नहीं हो पाई है। यहां पिछले विधानसभा चुनाव में CPI-M ने एकतरफा जीत हासिल की थी, उसे 60 में से 49 सीटों पर जीत मिली थी जबकि कांग्रेस को 10 सीटें मिली थीं। एक सीट CPI को मिली थी।

सर्वे में सामने आया है कि इस बार पूरे राज्य में बीजेपी की लहर है। मुख्यमंत्री माणिक सरकार तो धनपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीत जाएंगे लेकिन उनकी सरकार के खिलाफ उभरे असंतोष का फायदा यहां इस बार कांग्रेस की बजाय सिर्फ बीजेपी को मिलेगा। सर्वे में सामने आया है कि बेरोजगारी और आदिवासियों के बीच स्वतंत्र त्रिपुरा की मांग एक अहम मुद्दा बनकर उभरा है।

बता दें कि यहां 18 फरवरी को मतदान होना है। यहां चुनाव परिणाम 3 मार्च को घोषित किए जाएंगे। इस दिन मेघालय और नगालैंड में भी वोटों की गिनती की जाएगी। इस बार सभी राज्यों में इलेक्‍ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के साथ VVPAT सिस्‍टम का भी प्रयोग किया जाएगा।

Created On :   6 Feb 2018 5:23 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story