समस्याओं का समाधान छोड़, अब ध्यान मोड़ने की राजनीति करेगी BJP : कमलनाथ

BJP will play the politics of grabbing attention of people : kamalnath
समस्याओं का समाधान छोड़, अब ध्यान मोड़ने की राजनीति करेगी BJP : कमलनाथ
समस्याओं का समाधान छोड़, अब ध्यान मोड़ने की राजनीति करेगी BJP : कमलनाथ

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। प्रदेश की सत्ता में काबिज BJP के शासन काल में जन समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ बल्कि BJP सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण सामाजिक ताना-बाना जरूर छिन्न-भिन्न हो गया है। अब पुन: विधानसभा के चुनाव आ गए हैं। प्रदेश के किसान, नौजवान, व्यापारी, मजदूर व महिलाओं द्वारा उठाई गई समस्याओं का निराकरण तो दूर BJP और प्रदेश सरकार हमेशा की तरह एक बार फिर जनता का ध्यान मोड़ने की राजनीति करेगी। ताकि मूल व विकराल समस्याओं से जनता का ध्यान हट जाए। यह बात शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व जिले के सांसद कमलनाथ ने जिले के आदिवासी बाहुल्य अमरवाड़ा, हर्रई, छिन्दी व तामिया के ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित जन सभाओं में कही। 

कमलनाथ ने कहा कि स्वयं को बेझिझक किसान का बेटा कहने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री क्या नहीं जानते कि देश में किसानों की आत्महत्या के सर्वाधिक मामले मध्यप्रदेश हुए हैं। जहां किसानों के साथ अन्याय, कोर्ट कचहरी, जेल और गोली का दौर चला । म.प्र. का किसान कर्ज में पैदा हो रहा है और कर्ज में ही डूब रहा है। कमलनाथ ने कहा कि खुद को मामा कहने वाले मुख्यमंत्री क्या नहीं जानते कि देश में सर्वाधिक महिला उत्पीड़न झेलने वाला प्रदेश मध्यप्रदेश है। उन्हें यह भी नहीं पता है कि संपूर्ण देश में सबसे मंहगी बिजली, डीजल व पेट्रोल मध्यप्रदेश में है। 

अमरवाड़ा के ग्राम घोघरी, हर्रई के ग्राम अहरवाड़ा, छिन्दी के बिजौरी पठार व तामिया के ग्राम अनहोनी में जनता से रूबरू हुए कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस शासन काल में जिले के सिंचाई, शिक्षा व स्वास्थ्य सहित अन्य सभी क्षेत्रों में सुधार व निरंतर विकास हुआ । रोजगार के क्षेत्र में मनरेगा जैसी योजनाएं चलाई गई, परंतु BJP ने सत्ता में आते ही यह योजनाएं बंद कर दी। जिसके परिणाम स्वरूप जिले में पलायन बढ़ा, उन्होंने कहा कि BJP शासन काल में किसान, मजदूर, व्यापारी, नौजवान सहित सभी दुखी हैं, जनता से धोखा हुआ है, जनता को ठगा गया है फिर भी घोषणाओं की राजनीति जारी है।

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अब तक 12 हजार घोषणाएं की है। जनता स्वयं कह रही है कि यह घोषणाओं का नहीं हिसाब करने का समय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और BJP की सोच में अंतर है, कांग्रेस किसान, नौजवान और महिलाओं को लेकर योजनाएं बनाती है परंतु BJP की सोच में बड़े उद्योगपति, बड़े व्यापारी व बड़े ठेकेदार हैं। अच्छे दिन जनता के नहीं परंतु BJP के नुमाइंदों के जरूर आए हैं। 

 

Created On :   19 May 2018 7:54 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story