महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में BJP का जलवा, NCP के हाथ लगा कोल्हापुर

BJP won on Nagar parishad-Nagar Panchayat election in state
महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में BJP का जलवा, NCP के हाथ लगा कोल्हापुर
महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में BJP का जलवा, NCP के हाथ लगा कोल्हापुर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के चार नगर परिषद और दो नगर पंचायत के चुनावों में BJP का जादू बरकरार है। इस चुनाव में नगर परिषद व नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर BJP ने तीन जगहों पर कब्जा जमाया है। जबकि कांग्रेस, शिवसेना और वाशिम जिला विकास आघाड़ी को एक-एक जगह पर नगर परिषद अध्यक्ष पद मिला है। सोमवार को राज्य चुनाव आयोग ने कुल छह नगर परिषद और नगर पंचायत के चुनाव परिणाम घोषित किए। नागपुर की मौदा नगर पंचायत और जलगांव की शेंदुर्णी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर BJP के उम्मीदवार को विजय जीत मिली है। BJP ने नांदेड़ की लोहा नगर परिषद अध्यक्ष पद पर भी बाजी मारी है। चंद्रपुर की ब्रम्हपुरी नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस और यवतमाल की नेर- नबाबपुर नगर परिषद अध्यक्ष पर शिवसेना को विजय मिली है। जबकि वाशिम की रिसोड नगर परिषद अध्यक्ष पद पर वाशिम जिला विकास आघाड़ी के उम्मीदवार को कामयाबी मिली है।

शिवसेना के चिखलीकर ने BJP को दिलाई जीत

नांदेड़ की लोहा नगर परिषद में BJP को मिली में शिवसेना विधायक प्रतापराव चिखलीकर ने अहम भूमिका निभायी है। चिखलीकर है तो शिवसेना के विधायक, लेकिन नांदेड़ मनपा चुनाव के समय से ही वे मन से BJP के साथ हैं। चिखलीकर ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण को झटका देते हुए BJP को जीत दिलाई है। 

मुनगंटीवार पर भारी पड़े वडेट्टीवार

वहीं BJP के वरिष्ठ नेता व प्रदेश के वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार के प्रभाव वाले चंद्रपुर की ब्रम्हपुरी नगर परिषद के चुनाव में कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने पार्टी को बड़ी जीत दिलाई है। जबकि जलगांव की शेंदुर्णी नगर पंचायत चुनाव में BJP को मिली जीत से पार्टी के वरिष्ठ नेता व जलसंसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने फिर से नेतृत्व कौशल्य का परिचय दिया है। इससे पहले रविवार को सभी छह नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव के लिए वोट डाले गए थे। चुनाव में लगभग 74.12 प्रतिशत मतदान हुआ था। 

कोल्हापुर के महापौर पद पर NCP की सरिता मोरे ने मारी बाजी

उधर कोल्हापुर महानगरपालिका के महापौर पद पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने बाजी मारी। जिसपर सरिता मोरे और उपमहापौर पद पर कांग्रेस के भुपाल शेटे ने कब्जा किया। सोमवार को मनपा के महापौर, उपमहापौर पदों के लिए चुनाव हुआ। इसमें कांग्रेस-राकांपा गठबंधन ने अपना वर्चस्व कायम रखा। कांग्रेस-राकांपा गठबंधन की मोरे और BJP ताराराणी गठबंधन की जयश्री जाधव के बीच चुनावी टक्कर थी। जिसमें मोरे को 41 जबकि जाधव को 33 मत मिले। वहीं उपमहापौर पद पर कांग्रेस के शेटे 41 मत हासिल कर जीत गए। चुनाव के समय शिवसेना के चार पार्षद मौजूद नहीं थे। विधायक सतेज पाटील और विधायक हसन मुश्रीफ ने कोल्हापुर के अभिभावक मंत्री चंद्रकांत पाटील को चुनाव में वर्चस्व बरकरार रख झटका दिया। चुनाव के समय पहचान पत्र देखकर ही प्रवेश देने का फैसला पुलिस ने लिया था। जब राकांपा विधायक हसन मुश्रीफ और कांग्रेस विधायक सतेज पाटील अंदर जाने लगे, तब पुलिस उपअधीक्षक सूरज गुरव ने उन्हें रोका। दोनों ने पुलिस के फैसले पर आपत्ति जताई। मुश्रीफ और गुरव में जमकर बहस हुई। तब गुस्साए मुश्रीफ ने गुरव को गड़चिरोली भेजने की धमकी दे डाली। 

अहमदनगर में दमदारी, बागी भाजपा विधायक गोटे फ्लाप 

धुलिया महानगर पालिका चुनाव में भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल की है। जबकि अहमदनगर महानगर पालिका चुनाव में मतदाताओं ने त्रिशंकु जनादेश दिया है। हालांकि अहमदनगर में शिवसेना सबसे बड़ी पार्टी बनकर ऊभरी है और भाजपा 9 से चौदह सीटों तक पहुंची है। सोमवार को राज्य चुनाव आयोग ने दोनों मनपा के चुनाव नतीजें घोषित किए। धुलिया मनपा चुनाव में पार्टी के विधायक अनिल गोटे के बागावती तेवर के बावजूद भाजपा ने 50 सीटें जीतकर करके स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। पिछली बार यहा भाजपों को सिर्फ तीन सीटों पर जीत मिली थी। भाजपा को धूल चटाने का दावा करने वाले गोटे की पार्टी लोकसंग्राम केवल 1 सीट पर सिमट गई। राष्ट्रवादी कांग्रेस ने 8, कांग्रेस ने 6, शिवसेना ने 1, एमआईएम ने 4, समाजवादी पार्टी ने 2, बहुजन समाज पार्टी ने 1 और निर्दलीय ने 1 सीट पर जीत हासिल की है। धुलिया मनपा में कुल 74 सीटें हैं।

अहमदनगर में शिवसेना आगे 

जबकि अहमदनगर मनपा चुनाव में शिवसेना को सबसे अधिक 24 सीटें मिली हैं। भाजपा ने 14, राष्ट्रवादी कांग्रेस ने 18, कांग्रेस को 5, बहुजन समाज पार्टी ने 4, समाजवादी पार्टी ने 1 और निर्दलीयों ने 2 सीट पर जीत दर्ज की है। अहमदनगर मनपा में कुल 68 सीटें हैं। अहमदनगर मनपा में सबसे बड़ी पार्टी शिवसेना सहयोगी दल भाजपा के साथ मिलकर मनपा की सत्ता पर काबिज हो सकती है। वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस सहयोगी दलों के साथ मिलकर सत्ता हासिल करने की कोशिश करेगी। पार्टी को बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी का साथ मिल सकता है। धुलिया और अहमदनगर मनपा चुनाव में भाजपा और शिवसेना ने अगल-अलग जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस और कांग्रेस ने गठबंधन करके चुनाव लड़ा था। धुलिया मनपा में भाजपा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस से सत्ता छीन ली है जबकि अहमदनगर में शिवसेना के सामने सत्ता बरकरार रखने की चुनौती है। 

मनपा         कुल जगह     भाजपा   शिवसेना  कांग्रेस   राकांपा   एमआईएम   सपा    बसपा  लोकसग्राम
धुले             74               50        01          06         08        04              02      01      01
अहमदनगर   68              14       24           05         18        0                01      04       ---

धुले में जीत से बढ़ा मंत्री महाजन का कद

धुलिया महानगर पालिका चुनाव में भाजपा को मिली जीत से जलसंसाधन मंत्री गिरीश महाजन का पार्टी और सरकार में अब और कद बढ़ेगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बेहद करीबी माने जाने वाले महाजन ने भाजपा को राज्य की सत्ता मिलने के बाद उत्तर महाराष्ट्र की राजनीति में वर्चस्व बना लिया है। धुलिया मनपा चुनाव में मुख्यमंत्री ने भाजपा विधायक अनिल गोटे के तमाम विरोध के बावजूद अपने विश्वास पात्र महाजन को चुनावी कमान दिया था। धुलिया में 50 सीटों पर भाजपा को मिली कामयाबी से महाजन मजबूत नेता बनकर ऊभरे हैं। महाजन ने धुलिया में भाजपा के सांसद व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सुभाष भामरे और भाजपा नेता व प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयकुमार रावल के साथ मिलकर पार्टी को अहम सफलता दिलाई।मनपा चुनाव में तीनों मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई थी। लेकिन महाजन की सियासी रणनीति के आगे विरोधी चित्त हो गए। इससे पहले महाजन नाशिक मनपा, जलगांव मनपा, पालघर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को कामयाबी दिला चुके हैं। महाजन सरकार के लिए भी विभिन्न संगठनों के आंदोलनों के दौरान संकट मोचक साबित हुए हैं।

किसको मिली कितनी सीटें

नागपुर की मौदा नगर पंचायत
पार्टी    -     सीटें
BJP -       8
कांग्रेस  -      5
शिवसेना -    2
निर्दलीय   -  2
कुल सीटें  -  17
---------------
जलगांव की शेंदुर्णी नगर पंचायत
पार्टी    -     सीटें
BJP - 13
कांग्रेस - 1
राष्ट्रवादी कांग्रेस- 3
कुल सीटें - 17
-------------
नांदेड़ की लोहा नगर परिषद
पार्टी    -     सीटें
BJP – 13
कांग्रेस - 4
कुल सीटें - 17
---------
चंद्रपुर की ब्रम्हपुरी नगर परिषद
पार्टी      सीटें
कांग्रेस - 10
BJP - 3
पंजीकृत दल - 7 
कुल सीटें - 20
----------
यवतमाल की नेर- नबाबपुर नगर परिषद
पार्टी      सीटें
शिवसेना - 9
कांग्रेस    - 4
राष्ट्रवादी कांग्रेस - 3
निर्दलीय - 2 
कुल सीटें - 18

वाशिम की रिसोड नगर परिषद
पार्टी -       सीटें
कांग्रेस - 3
शिवसेना - 3
पंजीकृत दल - 11
निर्दलीय - 3
कुल सीटें - 20 
--------------  

Created On :   10 Dec 2018 2:32 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story