अल्पसंख्यक उम्मीदवार के लिए भाजपा में चल रहा भीतरी सर्वे, 25 से 30 सीटों पर फोकस

BJPs internal survey for minority candidate, focus on 30 seats
अल्पसंख्यक उम्मीदवार के लिए भाजपा में चल रहा भीतरी सर्वे, 25 से 30 सीटों पर फोकस
अल्पसंख्यक उम्मीदवार के लिए भाजपा में चल रहा भीतरी सर्वे, 25 से 30 सीटों पर फोकस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। चुनाव में अल्पसंख्यक उम्मीदवार को लेकर भाजपा में प्रदेश स्तर पर विशेष सर्वे अभियान चल रहा है। लोकसभा चुनाव में पार्टी की ओर से अल्पसंख्यक समुदाय के कार्यकर्ताओं को प्रमुखता के साथ स्थानीय स्तर पर नेतृत्व देने की योजना है। लोकसभा के लिए भले ही पार्टी में अल्पसंख्यक समुदाय की ओर से उम्मीदवार की अधिक दावेदारी सामने आने की संभावना कम है, लेकिन विधानसभा चुनाव में 25 से 30 सीटों पर दावेदारी का प्रयास है। पार्टी पर आरोप लगता रहा है कि वह अल्पसंख्यक समुदाय को उम्मीदवार बनाने में पीछे रही है। लिहाजा अल्पसंख्यक उम्मीदवार देकर पार्टी अपने ऊपर लगे आरोपाें को दूर करने का भी प्रयास करेगी।

चुनाव तैयारी के तहत प्रदेश भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से 25 फरवरी से एक जेहदी अर्थात एकता सम्मेलन आरंभ किया जा रहा है। यह अभियान 3 मार्च तक चलेगा। कार्यक्रमों के लिए राज्य में 5 विभाग बांटे गए हैं। नागपुर विभाग का सम्मेलन नागपुर में होगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व भूतल परिवहन मंत्री नितीन गडकरी उपस्थित रहेंगे।  जलगांव में मंत्री गिरीश महाजन, पुणे में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, कल्याण में शहनवाज हुसैन व औरंगाबाद में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहब दानवे के अलावा मंत्री पंकजा मुंडे उपस्थित रहेंगे।

गौरतलब है कि अन्य राज्यों की तरह महाराष्ट्र में भी भाजपा के पास चुने हुए जनप्रतिनिधियों की कमी है। विधानसभा में भाजपा की ओर से कोई भी मुस्लिम अल्पसंख्यक प्रतिनिधि नहीं है। पाशा पटेल, जलील अंसारी व समीम बानो को उम्मीदवार बनाया था। एक भी उम्मीदवार जीत नहीं पाए। समीम बानो का तो नामांकन ही खारिज हो गया था। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अल्पसंख्यक समुदाय में मुस्लिम के अलावा क्रिश्चियन, सिख, जैन व पारसी आते हैं।

विरोधी पार्टी के नेताओं का आरोप रहा है कि भाजपा अल्पसंख्यक विराेधी है। लिहाजा एकता सम्मेलन के माध्यम से तहसील व मंडल स्तर पर अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं से संवाद साधा जाएगा। केंद्र व राज्य स्तर की विविध योजनाओं की जानकारी के अधिक से अधिक प्रचार पर जोर दिया जाएगा। सवर्णों को 10 प्रतिशत आरक्षण के मामले को भी अल्पसंख्यक हित में अभियान के तौर पर समझाया जाएगा। 30 प्रतिशत से अधिक अल्पसंख्यक समाज के मतदाता वाले विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक फोकस किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री विजय पुराणिक ने मंगलवार को बैठक लेकर प्रदेश स्तर पर अल्पसंख्यक समाज में चुनाव कार्य की समीक्षा की है। 

जीतने लायक स्थिति में तैयार हो रहे कार्यकर्ता
अल्पसंख्यक समुदाय के कार्यकर्ता को चुनाव जीतने लायक स्थिति में तैयार किया जा रहा है। इसके लिए बकायदा प्रशिक्षण कार्य चल रहा है। भाजपा समाज नहीं बल्कि योग्यता के आधार पर उम्मीदवार तय करती है। नगर निकाय के चुनाव में राज्य में 542 स्थानों पर मुस्लिम समुदाय के कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया गया। उनमें से 122 चुनाव जीते। नगराध्यक्ष के लिए 5 में से 3 उम्मीदवार जीतें। 
- जमाल सिद्धीकी, अध्यक्ष भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा महाराष्ट्र
 
मोहसिन जफर खान बने प्रदेश मंत्री
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री पद पर मोहसिन जफर खान को नियुक्त किया गया है। शहर में कला क्षेत्र में भी सक्रिय भागीदारी दर्ज करते रहे मोहसिन जफर खान ने गौसंरक्षण के अलावा अन्य  विषयों पर पहले भी संगठनात्मक कार्य किया है। उन्हें नियुक्ति पत्र देने के दौरान प्रदेश महामंत्री एजाज देशमुख, इमरान मनावर, मोहम्मद सिकंदर, शहर अध्यक्ष लाला कुरैशी, जनैद खान, जमील बशीर, केतनकुमार व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। 

Created On :   13 Feb 2019 10:22 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story