नालंदा के जलालपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 5 की मौत, 20 घायल

नालंदा के जलालपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 5 की मौत, 20 घायल

डिजिटल डेस्क, नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में एक बड़ा हादसा हो गया है। जहां जलालपुर इलाके में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में जबरदस्त ब्लास्ट हुआ है। इस धमाके में 5 लोगों के मरने की सूचना है। देर रात हुए इस हादसे में शुरुआत में 1 व्यक्ति के मरने और 25 लोगों के घायल होने की खबरें थी। घटना की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच चुकी है। प्रशासन की ओर से इस मामले की जांच की जा रही है।  

 

 

आधा दर्जन बच्चे भी घायल

जानकारी के अनुसार, सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी बचाव अभियान में जुटे हैं। अब तक धमाके की वजह का पता नहीं चल सका है। फिलहाल मिली जानकारी में मनोज पंडित नाम के शख्स की मौत की सूचना है। वहीं मोहम्मद अरबाज, राहुल राज, पूनम कुमारी, रोहित राज, लक्ष्मी कुमारी, लालन कुमार सहित दो दर्जन लोग झुलस गए। शाहीन और संतोष कुमार को चिंताजनक हालत में पटना रेफर किया गया है। जख्मी लोगों में आधा दर्जन बच्चे भी शामिल है।

 

 

दो किलोमीटर तक सुनाई दिया विस्फोट 

बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना जोरदार था कि करीब दो किलोमीटर तक इसकी आवाज महसूस की गई। रुक रुक कर हो रहे विस्फोट के कारण फायर ब्रिग्रेड व पुलिस को मौके पर पहुंचने में परेशानी हुई। जख्मी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। एक साथ इतने अधिक लोगों को अस्पताल लाए जाने से वहां पर भी अफरा-तफरी मच गई। सभी डॉक्टरों को अस्पताल बुलाया गया जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम और एसपी सुधीर कुमार पोरिका मौके पर पहुंच गए हैं।  

 

पांच मकान भी ध्‍वस्‍त

पुलिस शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद से एक बार फिर से प्रशासन की लापरवाही उजागर हो गई है। अगर अवैध पटाखा फैक्टरी चलाई जा रही थी तो इसकी खबर पुलिस तक क्यों नहीं पहुंची। बता दें कि विस्फोट इतना तेज था कि पूरा इलाका दहल उठा और आस-पास के आधा दर्जन मकानों में आग लग गई और पास के पांच मकान पूरी तरह से ध्‍वस्‍त हो गए। इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना बताई जा रही है।

Created On :   23 March 2018 2:31 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story