महिला ने फैलाई विमान में बम की अफवाह, एक घंटे लेट हुई इंडिगो की फ्लाइट

महिला ने फैलाई विमान में बम की अफवाह, एक घंटे लेट हुई इंडिगो की फ्लाइट
हाईलाइट
  • बम की सूचना मिलने के बाद मचा हड़कंप
  • दिल्ली के रास्ते लखनऊ जाती है इंडिगो की फ्लाइट
  • पुलिसकर्मियों ने सिंगापुर की महिला से की पूछताछ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इंडिगो की एक फ्लाइट में बम की अफवाह के बाद हड़कंप मच गया, जिसके बाद फ्लाइट को खाली करा लिया गया है। पुलिस ने फ्लाइट को खाली कराकर उसकी जांच की, लेकिन बम नहीं मिला। इंडिगो की जिस फ्लाइट में बम होने की सूचना दी गई थी, वो मुंबई से दिल्ली होते हुए लखनऊ जाती है। सूचना मिलने के बाद फ्लाइट को उड़ान भरने से रोक दिया गया।


घटना मुंबई एयरपोर्ट की है। बम की सूचना उमा नारायण कनाडास (41) ने दी थी, जो गो एयर की फ्लाइट 6ई-3612 से दिल्ली जा रही थी। महिला यात्री इंडिगो के चेक-इन-काउंटर पर पहुंची थी, उसने बताया कि कुछ लोगों ने फ्लाइट 6ई-3612 में बम रखा है। महिला ने काउंटर पर मौजूद लोगों को कुछ तस्वीरें भी दिखाईं और दावा किया कि उसने जिन लोगों को देखा था, वो राष्ट्र के लिए खतरा साबित हो सकते हैं। महिला से जानकारी मिलने के बाद सीआईएसएफ के पुलिसकर्मी उसे पूछताछ के लिए हवाई अड्डे पर बने पुलिस थाने ले गए। 


बम धमकी आंकलन समिति (बीटीएसी) ने धमकी को गंभीरता से लिया और फ्लाइट को फौरन एक खाली स्थान पर ले गए, हालांकि काफी देर तक जांच करने के बाद भी सुरक्षाकर्मियों को विमान में कुछ नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने फ्लाइट को सुरक्षित घोषित कर दिया। महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इंडिगो ने इस घटना पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की है। विमान सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर उड़ान भरने वाला था, हालांकि अभी तक ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फ्लाइट में कितने लोग सवार थे। 

 

 

 

Created On :   15 Dec 2018 6:27 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story