सड़क के लिए चुनाव का बहिष्कार, 45 ग्राम पंचायत के सरपंचो का समर्थन, 24 को महाबंद

Boycott of election for road, closure will held on 24 September
सड़क के लिए चुनाव का बहिष्कार, 45 ग्राम पंचायत के सरपंचो का समर्थन, 24 को महाबंद
सड़क के लिए चुनाव का बहिष्कार, 45 ग्राम पंचायत के सरपंचो का समर्थन, 24 को महाबंद

डिजिटल डेस्क, मंडला। अमरपुर डिंडोरी घुघरी से लेकर पदमी सड़क के परखच्चे उड़ गए हैं। यहां जान जोखिम में डालकर ग्रामीण आवागमन कर रहे हैं। शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से उपेक्षा के बाद यहां के सैकड़ों ग्राम और तहसील मुख्यालय के ग्रामीण अब वृहद आंदोलन की तैयारी में हैं। विधानसभा चुनाव के बहिष्कार के लिए 24 सितंबर को महापंचायत बुलाई जा रही है। घुघरी बंद कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक पदमी घुघरी मार्ग डिंडौरी जिले को जोड़ता है। इस मार्ग से तहसील मुख्यालय घुघरी के अलावा सैकड़ों गांव के ग्रामीण जिला मुख्यालय से जुड़ रहे हैं। करीब 15 वर्ष से सड़क की मरम्मत बेहतर तरीके से नहीं की गई है। जिसके कारण सड़क जानलेवा हो गई है। सड़क में बड़े-बड़े गढ्ढे हैं। सकरी सड़क होने के कारण आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह पुलिया नहीं है। जिसके कारण सड़क मे ही पानी बह रहा है। यहां गहराई का अंदाजा नही होने के कारण हादसे हो रहे है।

विनय चौकसे, सुखीराम मरावी, अमित सोनी, संजय साहू, नीरज गुप्ता, अनुराग शर्मा ने बताया है कि घुघरी से जिला मुख्यालय आने में 50 किलोमीटर का सफर 2 घंटे में तय हो रहा है। आवागमन में परेशानी झेल रहे ग्रामीणों ने दर्जनों बार शासन प्रशासन को सड़क निर्माण के लिए आवेदन दिए हैं। जिसके सड़क का निर्माण नहीं होने के कारण ग्रामीणों में रोष है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को लेकर खासी नाराजगी है। अब यहां के ग्रामीणों ने सड़क के लिए आंदोलन का मन बना लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि घुघरी क्षेत्र की लगातार उपेक्षा हो रही है।

वाहनों मे चुनाव बहिष्कार के पर्चे
घुघरी तहसील में सड़क नहीं होने के विरोध के स्वर मुखर हो गए हैं। यहां वाहनों में पर्चे चस्पा कर दिए गए हैं। जिसमें रोड़ नहीं तो वोट नही का नारा दिया गया है। 24 सितंबर को महाबंद का आव्हान किया गया है। घुघरी बंद रहेगा और महापंचायत कर प्रदर्शन के लिए निर्णय लिया जाएगा। त्यागी जी संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन की तैयारी की जा रही है। सड़क के लिए चुनाव बहिष्कार किया जाने के लिए युवा एकत्र हो रहे हैं।

सरपंचों का भी समर्थन
घुघरी जनपद की करीब 45 ग्राम पंचायतों के सरपंच भी समर्थन कर रहे हैं। इसके लिए लाटो में सरपंच संघ की बैठक भी आयोजित की गई थी। अमरपुर, सलवाह, घुघरी पदमी, डोगरमंडला समेत कई ग्रामों के ग्रामीण एक जुट किये जा रहे है। विरोध के लिए गांव-गांव से समर्थन जुटाया जा रहा है। जिससे हर हाल में सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाई जा सके।

 

Created On :   15 Sep 2018 12:29 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story