हरे पत्तों से सजे मंडप की मांग की तो दुल्हन ने उल्टे पैर लौटाया, विवाह करने से किया इंकार

Bride refused to marry on the grooms demand in chandrpur
हरे पत्तों से सजे मंडप की मांग की तो दुल्हन ने उल्टे पैर लौटाया, विवाह करने से किया इंकार
हरे पत्तों से सजे मंडप की मांग की तो दुल्हन ने उल्टे पैर लौटाया, विवाह करने से किया इंकार

डिजिटल डेस्क, वरोरा(चंद्रपुर)। संगीत की धुनों पर थिरकते हुए विवाह मंडप तक पहुंचे बारातियों को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब विवाह मंडप के आसपास दूर-दूर तक वधु पक्ष के लोगों का कोई अता-पता नहीं था। यही नहीं विवाह सभागृह को भी ताला जड़ा हुआ था। वर पक्ष कुछ समझ पाता कि इतने में वरोरा पुलिस स्टेशन से उन्हें बुलावा भी आ गया। वाक्या ऐसा है कि शादी में हरे पत्तों से मंडप सजाने की मांग दूल्हे को महंगी पड़ गई। दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। काफी मिन्नतें करने के बाद भी दुल्हन फैसले से टस से मस नहीं हुई। अंतत: दूल्हे मियां को बैरंग घर लौटना पड़ा।  

गोंडी धर्म के अनुसार विवाह करना चाहता था दूल्हा
जानकारी के अनुसार वरोरा निवासी दुल्हन छत्तीसगढ़ राज्य के दंत्तेवाड़ा परिसर में अध्यापिका के रूप में कार्यरत है। गत दिसंबर माह में मूलत: यवतमाल जिले के पांढरकवड़ा ग्राम निवासी तथा फिलहाल मुंबई में एक सरकारी कार्यालय में कार्यरत रेशनिंग ऑफिसर के साथ उसकी सगाई हुई। शादी के लिए 12 मई का शुभ मुहूर्त निकाला गया। विवाह समारोह के लिए वरोरा में वरोरा-वणी मार्ग स्थित बालाजी लॉन व हॉल बुक किया गया। शादी को लेकर दोनों पक्षों में आनंद का वातावरण था।

निर्धारित तिथि के हिसाब से शादी की तैयारी की गई। विवाह की रस्में भी शुरू हो गईं। वर-वधु पक्ष में हल्दी की रस्म पूरी की गई। शादी से एक दिन पूर्व देर रात दूल्हे ने दुल्हन को फोन कर कहा कि गोंडी धर्म में शादी का मंडप हरे पत्तों से सजा रहता है। उनकी शादी का मंडप भी हरे पत्तों से सजाया जाए। शादी के एक दिन पूर्व दूल्हे की तरफ से इस तरह की मांग करना वधु को ठीक नहीं लगा। उसने वर से शादी नहीं करने का फैसला कर लिया।

सूना मंडप देख दंग रह गए बाराती
दूल्हे को दुल्हन की नाराजगी की भनक लगी, लेकिन उसने उसे हल्के में ले लिया। शादी के लिए तीन ट्रैवल्स बसें बुक की गईं। दूल्हा भी सज-संवरकर विवाह स्थल की ओर रवाना हुआ। शनिवार सुबह 11 बजे के दौरान थिरकते हुए बारात विवाह मंडप तक पहुंचे, लेकिन वहां वधु पक्ष का एक भी व्यक्ति न देखकर वर पक्ष अवाक रह गया। मंडप कार्यालय पर भी ताला जड़ा हुआ था। वे कुछ समझ पाते इसके पूर्व उन्हें वरोरा पुलिस स्टेशन आने का बुलावा आ गया। जिसके चलते बाराती विवाह स्थल पर पहुंचने के बजाए पुलिस स्टेशन में पहुंच गए। तब उन्हें पता चला कि शादी में हरे पत्तों से सजे मंडप की दूल्हे द्वारा की मांग को लेकर दुल्हन ने शादी करने से इनकार किया है।

किसी भी तरह शादी हो जाए, इसलिए दूल्हे ने अपनी शर्त वापस ले ली। पुलिस के भी समझाने पर दूल्हन अपने फैसले पर अटल रही। लाख कोशिशों के बावजूद दूल्हन नहीं मानी तो दूल्हा बारात लेकर खाली हाथ लौट गया। इतना ही नहीं विवाह मंडप में खाने-पीने की कोई व्यवस्था ही नहीं किए जाने से सारे बारातियों को भार दूल्हे को ही उठाना पड़ा। वर-वधु दोनों ही शिक्षित-नौकरी पेशा होने से इसमें गलती किसकी है? इस पर तर्क-वितर्क जारी हैं। वरोरा शहर में इस तरह का यह संभवत: पहला मामला बताया जाता है। 

Created On :   14 May 2018 6:53 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story