दबंगों ने वृद्ध महिला को चौराहे पर लाठियों से पीटा - जमीन खरीदने का था मामला

दबंगों ने वृद्ध महिला को चौराहे पर लाठियों से पीटा - जमीन खरीदने का था मामला

डिजिटल डेस्क,बड़ामलहरा। जमीन के विवाद को लेकर गांव के दबंगों ने एक वृद्ध महिला को महाराजगंज बस स्टैंड में जानलेवा हमलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने वृद्ध महिला के उपर लाठी डंडों से हमला किया जिससे महिला के शरीर में गंभीर चोटे पहुंची हंै। भीड़ भरे बस स्टैंड में दबंग लोग वृद्ध महिला को तब तक पीटते रहे, जब तक वह बेहोश होकर जमीन पर नहीं गिर गई। वृद्ध महिला के साथ बेरहमी से मारपीट होती रही, लेकिन वहां मौजूद लोग महिला को बचाने के बजाय तमाशबीन बने देखते रहे। महाराजगंज निवासी 57 वर्षीय महिला रामबाई कुशवाहा की जमीन के बगल से मनीराम उपाध्याय की जमीन है। वे चाहते थे कि महिला अपनी जमीन उनको बेच दे , लेकिन महिला ने अपनी जमीन किसी दूसरे को बेच दी। उसी बात को लेकर मनीराम महिला से दुश्मनी रखते थे। रविवार की सुबह जब महिला महाराजगंज बस स्टैंड के पास अकेले थी। उसी समय मनीराम अपने परिवार  के लखन उपाध्याय, भरत भूषण उपाध्याय मुकेश उपाध्याय व अन्य के  साथ पहुंचे और महिला के उपर लाठी डंडों से हमला कर दिया।
 

नहीं पहुंची पुलिस

महिला के साथ बेरहमी से मारपीट होते देख कुछ लोगों ने बड़ामलहरा पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। वहीं इस मामले में जब बड़ामलहरा थाना प्रभारी एके दुबे से जानकारी चाही गई तो वे यह नहीं बता पाए की महिला के साथ मारपीट करने पर किन- किन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस यह भी नहीं बताई कि महिला के साथ हुई मारपीट की घटना में आरोपियों के खिलाफ किन- किन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं महिला से मारपीट का वीडियो मौके पर ही एक व्यक्ति ने बना लिया, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारयों के निर्देश पर कार्रवाई हुई है।
 

Created On :   7 Oct 2019 8:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story